तीन दिन से लापता व्यापारी का शव बहुती जलप्रपात में मिला, दुर्गम खाई से 6 घंटे चला रेस्क्यू
मऊगंज जिले के चर्चित बहुती जलप्रपात क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब तीन दिनों से लापता चौका-सोनवर्षा निवासी व्यापारी अरविंद गुप्ता (45) का शव झरने की गहरी खाई में एक विशाल चट्टान पर पड़ा हुआ मिला। परिजन लगातार अरविंद की तलाश कर रहे थे और जब वे बहुती जलप्रपात पहुंचे, तो पथरीली चट्टानों के बीच संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तलाश तेज हुई। करीब पहुंचने पर कपड़ों और मौजूद सामग्री से पहचान पक्की हुई तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
‘सुसाइड पॉइंट’ की खाई में फंसा शव, पहले दिन नहीं पहुंच सकी पुलिस
शव जिस स्थान पर मिला, उसे स्थानीय लोग ‘सुसाइड पॉइंट’ के नाम से जानते हैं। यहां कई फुट गहरी खाई, बेहद फिसलन भरी सतह और पथरीला इलाका होने के कारण मंगलवार को पुलिस टीम शव तक पहुंचने में असफल रही।
बुधवार सुबह नईगढ़ी पुलिस, एसडीआरएफ, और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रस्सियों, सीढ़ियों और विशेष उपकरणों की मदद से 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालने में सफलता मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नईगढ़ी भेजा गया।
गुमशुदगी की गुत्थी ऐसे सुलझी
व्यापारी अरविंद गुप्ता 16 नवंबर को दुकान से यह कहकर निकले थे कि उन्हें कुछ जरूरी काम से बाहर जाना है।
– 17 नवंबर को उनकी स्कूटी बहुती कूड़ा मोड़ के पास लावारिस हालत में मिली।
– अगले दिन चप्पल मिलने के बाद आशंका और गहरी हो गई।
– मंगलवार को झरने की खाई में शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना देने वाले विवेक गुप्ता ने बताया कि परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे, लेकिन इलाके की दुर्गमता के कारण वे गहरे क्षेत्रों तक नहीं जा पा रहे थे।
लगातार हादसों से ‘संवेदनशील स्पॉट’ बना बहुती जलप्रपात
बहुती जलप्रपात में पिछले कुछ महीनों से हादसों की संख्या तेजी से बढ़ी है। चार महीने पहले भी इसी क्षेत्र में तीन लोगों के शव मिले थे, जिसके बाद जिला प्रशासन ने इसे ‘अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र’ घोषित किया था।
कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी दिलीप सोनी पहले ही सुरक्षा बढ़ाने, बैरिकेडिंग करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और नियमित पुलिस तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दे चुके हैं। इससे घटनाओं में कुछ कमी आई है, लेकिन जोखिम अभी भी बरकरार है।
एसपी मौके पर पहुंचे, सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी होगी
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मऊगंज दिलीप सोनी शाम होते ही बहुती जलप्रपात पहुंचे।
उन्होंने खाई, रास्तों और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा पुलिस बल को और संख्या में तैनात करने, चेतावनी बोर्ड बढ़ाने और सीमित एरिया में प्रवेश नियंत्रित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने एसपी की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।


