नईगढ़ी पुलिस की बड़ी कार्यवाही — जमीनी विवाद में हत्या के प्रयास के आरोपी को 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार
मऊगंज। पुलिस अधीक्षक मऊगंज श्री दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मऊगंज श्री विक्रम सिंह परिहार एवं एसडीओपी मऊगंज श्रीमती सचि पाठक के मार्गदर्शन में नईगढ़ी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जमीनी विवाद में हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस त्वरित कार्यवाही की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
घटना का विवरण
दिनांक 03 अक्टूबर 2025 को फरियादी रमेश कुमार तिवारी पिता लालमन तिवारी उम्र 58 वर्ष निवासी ग्राम शिवराजपुर थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका जमीनी विवाद नर्मदेश्वर तिवारी से चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। विवादित भूमि पर स्थगन आदेश के बावजूद आरोपी द्वारा घर निर्माण कार्य किया जा रहा था।
उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में तहसीलदार नईगढ़ी एवं हल्का पटवारी मौके का निरीक्षण करने पहुँचे थे। इसी दौरान जब तहसीलदार महोदय फरियादी से पूछताछ कर रहे थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते कमलेश्वर तिवारी व उसकी पत्नी अंजू तिवारी ने फरियादी को गालियाँ देते हुए उस पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, कमलेश्वर तिवारी ने लोहे की बल्लम से फरियादी के माथे पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी दंपत्ति ने मिलकर फरियादी के साथ लात-घूंसे से मारपीट की। घायल अवस्था में उसे सीएचसी नईगढ़ी पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सक ने उसकी चोटों को गंभीर एवं प्राणघातक प्रकृति का बताया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश सिंह ठाकुर ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूत्रों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर घटना के मुख्य आरोपी कमलेश्वर प्रसाद तिवारी पिता कालूराम तिवारी उम्र 54 वर्ष निवासी ग्राम शिवराजपुर थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज (म.प्र.) को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अदद लोहे का बल्लम बरामद किया, जिसका उपयोग वारदात में किया गया था। गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जप्त मशरूका: एक अदद लोहे का बल्लम।
पुलिस टीम का विशेष योगदान:
1. उपनिरीक्षक – जगदीश सिंह ठाकुर (थाना प्रभारी नईगढ़ी)
2. सहायक उपनिरीक्षक – नरेन्द्र मिश्रा
3. प्रधान आरक्षक – राकेश सिंह (क्र.सं. 14)
4. आरक्षक – दिवाकर सिंह (क्र.सं. 99)
5. आरक्षक – सुरेन्द्र यादव (क्र.सं. 36)
6. आरक्षक – प्रकाश कुशवाहा (क्र.सं. 63)
पुलिस अधीक्षक मऊगंज ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि —
> “नईगढ़ी पुलिस द्वारा तत्परता से की गई कार्यवाही पुलिस की संवेदनशीलता और कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

