राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भीषण सड़क हादसा — एक ही परिवार के चार सदस्य सहित 5 की मौत, दो घायल
रीवा–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दिनांक 9 नवंबर 2025 दिन रविवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम पंचायत तेंदुआ (गढ़ थाना क्षेत्र) के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों सहित चार व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घायल बालिका की मृत्यु हो गई है इलाज के दौरान रीवा संजय गांधी हॉस्पिटल में।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रीवा से प्रयागराज की ओर जा रही स्कॉर्पियो (वाहन क्रमांक CG07 CS 7987) अचानक डिसबैलेंस होकर अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले मोटरसाइकिल (क्रमांक UP70 DE 2079) से टकराई, फिर सड़क किनारे घर के बाहर खड़े ग्रामीणों को रौंद दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पलट गया और सड़क किनारे विद्युत खंभा तक टूट गया।
मौत का मंजर देख सन्न रह गए ग्रामीण
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के समय परिजन अपने घर के बाहर बातचीत कर रहे थे। अचानक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उनके ऊपर चढ़ गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक मोटरसाइकिल सवार की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायलों को तत्काल गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया। जहां इलाज जारी है।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
एसडीएम संजय जैन ने कहा —
“यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। स्कॉर्पियो वाहन अचानक डिसबैलेंस होकर घर के बाहर खड़े चार लोगों से टकरा गई। तीन मृतक तेंदुआ गांव के एक ही परिवार से हैं, जबकि चौथा मृतक उत्तर प्रदेश निवासी है, जो मोटरसाइकिल पर था। तीन अन्य घायल हैं, जिनका इलाज संजय गांधी अस्पताल में जारी है।”
पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद जाम रात 8 बजे खोला गया जिससे आवागम फिर से सुचारू रूप से शुरू हुआ।
इस घटना पर रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा
“यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है। मृतकों के परिजनों को रेडक्रॉस समिति से ₹50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। घायलों के बेहतर इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है और यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी को भी उपचार में कोई कठिनाई न हो।”



