गढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से दुराचार — आरोपी फरार, क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल
रीवा। जिले के गढ़ थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोमवार दिनांक 6 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग 10 बजे एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुराचार की वारदात घटित हुई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और अभिभावकों में भय तथा आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बालिका प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। रास्ते में आरोपी मोहम्मद इरफान निवासी पढ़ुआ ने बालिका को बहला-फुसलाकर झाड़ियों की ओर ले गया, जहाँ एकांत स्थान का फायदा उठाकर उसने जबरन दुराचार किया। घटना स्थल पर आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों ने जब बालिका की चीखें सुनीं तो वे मौके पर पहुँचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, किंतु वह मौका पाकर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने तुरंत पीड़िता के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन व स्थानीय लोग घटनास्थल पहुँचे और बालिका को सुरक्षित घर लेकर गए। घटना की सूचना तत्काल गढ़ थाना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इरफान के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।
इस घटना से ग्रामीण क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हो सकें।
साथ ही लोगों ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा संचालित ‘निर्भया अभियान’ एवं महिला सुरक्षा योजनाएँ ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से नहीं पहुँच पा रही हैं। यदि इन योजनाओं का उचित क्रियान्वयन होता तो शायद इस प्रकार की घटनाएँ रोकी जा सकती थीं।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच जारी है। और आरोपी अभी पुलिस की गिरप्त से बाहर है।



