मध्यप्रदेश पुलिस में बड़ी भर्ती: सूबेदार, उप निरीक्षक एवं निरीक्षक संवर्ग के 500 पदों पर होगी सीधी भर्ती
ऑनलाइन आवेदन 27 अक्टूबर से, परीक्षा 9 जनवरी 2026 से शुरू होगी
भोपाल। मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए खुशखबरी — राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और निरीक्षक संवर्ग के पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ करने की घोषणा की है। इस संबंध में मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल ने विज्ञापन जारी किया है। भर्ती परीक्षा वर्ष 2025 के अंतर्गत आयोजित की जाएगी।
मंडल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस मुख्यालय, गृह (पुलिस) विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत कुल 500 पदों पर सीधी भर्ती हेतु चयन परीक्षा-2025 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा की आधिकारिक सूचना 07 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित की गई है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी परीक्षा हेतु 27 अक्टूबर 2025 से 10 नवम्बर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर ही स्वीकार किए जाएंगे।
परीक्षा का आयोजन 09 जनवरी 2026 से किया जाएगा। परीक्षा राज्य के 12 प्रमुख शहरों — भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सीधी, सागर, उज्जैन, रतलाम, खंडवा एवं नीमच — में किया जाएगा। उम्मीदवार अपनी सुविधा अनुसार परीक्षा केंद्र का चयन आवेदन करते समय कर सकेंगे।
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं ऑनलाइन होगी। नियमावली, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क तथा परीक्षा पैटर्न संबंधी संपूर्ण जानकारी 06 अक्टूबर 2025 से मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET), शारीरिक मापन परीक्षण (PMT) एवं दस्तावेज़ सत्यापन शामिल होंगे।
राज्य सरकार का यह कदम प्रदेश में सुरक्षा बलों को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस भर्ती से प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। पुलिस मुख्यालय ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।


