रीवा से दिल्ली के लिए पहली वाणिज्यिक हवाई सेवा का ऐतिहासिक शुभारंभ — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामना संदेश से पूरे विंध्य में उमंग और गर्व की लहर
रीवा। विंध्य की धरती के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है — जब पहली बार रीवा से देश की राजधानी दिल्ली के लिए वाणिज्यिक हवाई सेवा का शुभारंभ हुआ है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने विशेष संदेश के माध्यम से न केवल रीवा, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और विंध्य क्षेत्र को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि,
“रीवा अपने समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध है। अब हवाई संपर्क से यह क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है। रीवा क्षेत्र के साथ-साथ यह पूरे मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत उत्साह और गर्व का क्षण है। नई उड़ान सेवा संपूर्ण विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के एक नए युग का शुभारंभ करेगी।”
उन्होंने कहा कि हवाई सेवा से रीवा और आस-पास के जिलों में यातायात व्यवस्था में सुगमता के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। प्रधानमंत्री ने इसे “आत्मनिर्भर भारत” के उस संकल्प की दिशा में एक सशक्त कदम बताया, जो हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उड़ान योजना (UDAN Yojana) का उद्देश्य भारत के प्रत्येक क्षेत्र, नागरिक और आकांक्षा को नई गति और दिशा देना है। इस योजना ने बीते वर्षों में देश के दूरस्थ इलाकों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर अभूतपूर्व प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि “रीवा से शुरू हुई यह नई उड़ान केवल विमानों की नहीं, बल्कि विंध्य की प्रगति, समृद्धि और आत्मविश्वास की उड़ान है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में राष्ट्र निर्माण के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को दोहराते हुए कहा कि यह हवाई सेवा इसी भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के सतत प्रयासों, राज्य प्रशासन की तत्परता और स्थानीय जनसहयोग से यह उपलब्धि संभव हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह नई उड़ान सेवा न केवल लोगों की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर, पर्यटन की वृद्धि और क्षेत्रीय उद्योगों को भी नई दिशा देगी। रीवा की धरती से उड़ान भरते ये विमान विंध्य के विकास की नई कहानी लिखेंगे।”
उन्होंने रीवा की जनता, प्रदेश सरकार, स्थानीय प्रशासन और सभी जनप्रतिनिधियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि “विकसित भारत @2047” के संकल्प की ओर एक और सशक्त कदम है।
इस शुभ अवसर पर पूरे विंध्य क्षेत्र में उल्लास का माहौल है। नागरिकों ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि दशकों पुराने सपने को साकार करने वाली है। अब रीवा से दिल्ली तक की दूरी कुछ ही घंटों में तय होगी, जिससे व्यवसाय, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी नेतृत्व में विंध्य की उड़ान अब नए विकास की ऊंचाइयों की ओर — रीवा बना आत्मनिर्भर भारत की प्रगति का नया प्रतीक।

