रीवा जिले में खुलेआम जुए का अड्डा — प्रशासन की आंखों के नीचे फल-फूल रहा काला कारोबार, वायरल वीडियो ने खोली पोल
— समाज में बढ़ती अराजकता और अपराधों की जड़ बनता जुआ व नशा का गोरखधंधा
रीवा। जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर से लेकर गांव तक, झाड़ियों, खेतों और एकांत इलाकों में जुआरियों के जमघट आम बात हो गई है। इन अड्डों पर रोज़ाना लाखों रुपये दांव पर लगाए जा रहे हैं, और हैरानी की बात यह है कि यह सब प्रशासन और पुलिस की आंखों के नीचे बेखौफ तरीके से चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही पुलिस की दबिश की भनक लगती है, जुआरी फरार हो जाते हैं। इस पूरे खेल में मुखबिरों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में यह गोरखधंधा लंबे समय से फल-फूल रहा है, जिसकी वजह से आम जनता में आक्रोश है।
अपराध की जड़ बन रहा जुआ और नशा
रीवा जिले में चोरी, लूट, झगड़े, छेड़खानी और घरेलू हिंसा जैसे अपराधों की बढ़ती घटनाओं की जड़ में यही जुआ और नशा प्रमुख कारण बन चुके हैं। नशे के बाद जुआ में फंसने वाले युवक धीरे-धीरे अपराध की राह पर चल पड़ते हैं, जिससे समाज में असुरक्षा और अराजकता का माहौल बनता जा रहा है।
गढ़ थाना क्षेत्र से वायरल हुआ वीडियो — दिनदहाड़े खुलेआम जुआ
गढ़ थाना क्षेत्र से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम दिनदहाड़े जुआ खेलते नजर आ रहे हैं। हालांकि यह मामला बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला है। हालांकि विंध्य वसुंधरा समाचार इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता, लेकिन वीडियो के दृश्य निश्चित रूप से प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
प्रशासन पर उठे सवाल — कार्रवाई कब तक सिर्फ कागज़ों में?
आम नागरिकों का कहना है कि शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट के बावजूद पुलिस अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले दिनों में यही जुआ और नशा समाज को खोखला कर देगा।



