प्राथमिक विद्यालय लौरी नंबर 2 का बाउंड्री निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट, सचिव पर गंभीर आरोप
रीवा जिले की गंगेव जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत लौरी खुर्द, में प्राथमिक विद्यालय लौरी नंबर 2 में बाउंड्री निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत सचिव शिवेंद्र तिवारी पर आरोप है कि उन्होंने संसद निधि से आहरित राशि के बावजूद बाउंड्री निर्माण अधूरा छोड़ दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जो निर्माण किया भी गया है, वह बेहद घटिया गुणवत्ता का है—बाउंड्री इतनी कमजोर है कि हल्की हवा से ही ढह जाती है।
सूत्रों के अनुसार, बाउंड्री निर्माण के लिए कई बार फंड निकाले गए, लेकिन निर्माण अधूरा है और जहां कार्य हुआ भी है, वहां रेत की जगह डस्ट और घटिया सीमेंट का उपयोग किया गया है। इस संबंध में जब सचिव से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया।
स्थानीय लोग इस अनियमितता से आक्रोशित हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ग्राम पंचायत लौरी खुर्द का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच की जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव के सत्ता दल के नेताओं से करीबी संबंधों के कारण मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि कई बार यह मुद्दा समाचार पत्रों के माध्यम से उठाया जा चुका है।
जनता ने एक बार फिर शासन-प्रशासन से अपील की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच सके और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।

