रीवा गढ़ 23 नवंबर 2024
किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गढ़, मनगवा, और गंगेव क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। यह कार्यवाही दोपहर 2 बजे मनगवा से शुरू हुई। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पी.एस. त्रिपाठी, नायब तहसीलदार मनोज सिंह, तहसीलदार साधना सिंह, और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी यस.यस. सरल के नेतृत्व में शुरू हुई।यह टीम गढ़ क्षेत्र में शाम 5 बजे पहुंची और कई खाद-बीज दुकानों का निरीक्षण किया।
जांच में मिली अनियमितताएं
अभियान के दौरान राजेंद्र खाद दुकान के रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गईं। दस्तावेजों और स्टॉक की जांच में पाए गए भिन्नताओं पर अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर कार्रवाई शुरू की। वहीं, एक अन्य दुकान, जो इंद्रलाल गुप्ता के नाम से संचालित बताई जा रही है, जांच के समय बंद पाई गई। अधिकारियों ने संदेहास्पद स्थिति देखते हुए इस दुकान को सील कर दिया और आगे की जांच के निर्देश दिए।
जांच का उद्देश्य और सतर्कता
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसानों के हितों की रक्षा और खाद-बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया है। अब तक की जांच में किसी बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नियमित जांच अभियान जारी रहेगा। अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी दुकानें सरकार द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करें।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
टीम ने चेतावनी दी है कि जांच के दौरान यदि किसी दुकान में गड़बड़ी या किसानों को ठगने की कोशिश पाई गई, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत दुकान का लाइसेंस रद्द करने से लेकर आर्थिक दंड तक का प्रावधान है।
किसानों से अपील
राजस्व और कृषि विभाग ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि यदि उन्हें खाद-बीज की खरीद में कोई समस्या होती है, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें। विभाग का लक्ष्य किसानों को सही मूल्य पर उच्च गुणवत्ता वाले खाद-बीज उपलब्ध कराना है।
जांच के बाद क्या हुआ?
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अधिकांश दुकानों पर व्यवस्थाएं ठीक पाई गई हैं, लेकिन जिन मामलों में अनियमितता मिली है, उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपने रिकॉर्ड सही रखें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।
प्रशासन की सक्रियता से संतोष
क्षेत्र के किसानों ने इस जांच अभियान का स्वागत किया है। उनका कहना है कि ऐसे अभियान न केवल खाद-बीज की गुणवत्ता में सुधार करेंगे, बल्कि अनियमितताओं पर भी रोक लगाई जा सकेगी।

