रीवा जिले में भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन सतर्क, यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान
रीवा। माघ मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान रीवा जिले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। रीवा चाकघाट , सोहागी कटरा कलवारी गंगेव मनगवा , कलवारी, सहित कई प्रमुख स्थानों पर भीड़ को व्यवस्थित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी विश्राम केंद्र, भोजन वितरण पंडाल और पेयजल व्यवस्था की गई।
यात्रियों के लिए भोजन-पानी की विशेष व्यवस्था
भीड़ को देखते हुए कलवारी मोड़, कटरा और अन्य स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से भोजन व पानी के वितरण केंद्र स्थापित किए गए। कलवारी मोड़ पर तीन भोजन कैंप लगाए गए, जहां श्रद्धालु प्रसाद जन-कीर्तन का आनंद लेने के साथ-साथ प्रसाद प्राप्त कर रहे है। इस व्यवस्था में कटरा सरपंच राजेश सोनी, कलवारी सरपंच नागेंद्र द्विवेदी, जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी और त्यौंथर नगर पंचायत के पार्षद ने सक्रिय भूमिका निभाई।
भारी भीड़ से जूझते यात्री, प्रशासन अलर्ट
यात्रियों की संख्या अनुमान से अधिक होने के कारण कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाओं की स्थिति उत्पन्न हो गई। गाड़ियों की लंबी कतारों के कारण दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, वहीं कुछ स्थानों पर पेयजल की कमी और मूलभूत सुविधाओं की कमी की भी शिकायतें आईं। इस संबंध में जब अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है और अतिरिक्त संसाधनों को तैनात किया जा रहा है ताकि किसी भी यात्री को असुविधा न हो।
रात्रिकालीन ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था
रात्रि में ठंड से बचाव के लिए प्रशासन और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को राहत मिली। पुलिस, राजस्व, पंचायत और नगर निगम विभाग के अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं की सराहनीय भूमिका
यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी ओर से व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दिया। जैसे ही प्रशासन को यात्रियों की कठिनाइयों की जानकारी मिली, अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की अपील – धैर्य बनाए रखें, सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं
प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और भीड़ को नियंत्रित करने में सहयोग करें। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त जल आपूर्ति, भोजन केंद्र और यातायात नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।


