पावन यज्ञस्थली कैथा में शिवमहापुराण के विसर्जन पर विशाल भंडारे का आयोजन
श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, 11 दिवसीय शिवमहापुराण महायज्ञ का हुआ समापन
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा, मध्य प्रदेश | 27 फरवरी 2025
रीवा जिले के गंगेव जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कैथा में स्थित हनुमान स्वामी एवं शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित 11 दिवसीय श्री शिवमहापुराण महायज्ञ के विसर्जन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और भगवान भोलेनाथ का प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
महाशिवरात्रि पर परंपरागत रूप से होता है आयोजन
कैथा ग्राम के हनुमान मंदिर प्रांगण में प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर श्री शिवमहापुराण महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में ग्राम क्षेत्र एवं आसपास के श्रद्धालुओं का सहयोग रहता है, जिससे यह एक भव्य सार्वजनिक आयोजन बन जाता है।
कलश यात्रा से हुई थी भव्य शुरुआत
इस 11 दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत 15 फरवरी को कलश यात्रा के साथ हुई। इस दौरान भक्तों ने हनुमान मंदिर से कलश लेकर शारदा देवी मंदिर तक शोभायात्रा निकाली और वहां कलश स्थापना के बाद पुनः यज्ञस्थली लौटे।
श्रद्धालुओं ने 11 दिन तक किया शिवमहापुराण कथा का रसपान
16 फरवरी से प्रारंभ हुई शिवमहापुराण कथा में आचार्य डॉ. गौरीशंकर शुक्ला ने व्यासपीठ से अमृतमयी कथा का वाचन किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं, रुद्र अवतारों और महाकाल-महामृत्युंजय स्वरूप का वर्णन सुनकर भक्तिरस का अनुभव किया।
विशाल भंडारे के साथ हुआ समापन
25 फरवरी को कथा के समापन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। यज्ञस्थली पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे आयोजन के दौरान आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।




