मऊगंज पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर का तबादला, प्रशासनिक फेरबदल
दिलीप कुमार सोनी होंगे नए एसपी, संजय जैन संभालेंगे कलेक्टर पद
मऊगंज। मऊगंज जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) रसना ठाकुर और कलेक्टर अजय श्रीवास्तव, दोनों अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। गड़रा दोहरे हत्याकांड के बाद जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके चलते सरकार ने यह सख्त कदम उठाया।
अब दिलीप कुमार सोनी को मऊगंज का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि संजय जैन जिले के नए कलेक्टर होंगे।
गड़रा कांड के बाद प्रशासन पर गिरी गाज
मऊगंज जिले में कानून-व्यवस्था लगातार चरमराती जा रही थी, लेकिन हाल ही में शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा ग्राम में हुई दोहरे हत्याकांड की घटना ने पूरे प्रदेश को हिला दिया। होली के दिन एक युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, और जब परिजन प्रशासन के साथ पहुंचकर कार्रवाई की मांग करने लगे, तो गुस्साई भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला कर दिया।
इस हिंसा में एएसआई (सहायक उपनिरीक्षक) शहीद हो गए, जबकि तहसीलदार , शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारती सहित कई पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए। एसडीओपी अंकित सूल्या को भी बंधक बना लिया गया था, और यदि समय रहते आईजी और भारी पुलिस बल नहीं पहुंचता, तो कई अन्य पुलिसकर्मियों की भी हत्या कर दी जाती।
घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत एक्शन लिया और प्रभारी मंत्री लखन पटेल व डीजीपी कैलाश मकवाना को घटनास्थल पर भेजा। उन्होंने शहीद एएसआई को एक करोड़ की सहायता राशि, आश्रित को सरकारी नौकरी और मृतक युवक के परिवार को पूर्ण सुरक्षा देने की घोषणा की।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, एसपी और कलेक्टर की विदाई
गड़रा कांड के बाद प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे। लगातार बढ़ती घटनाओं के चलते पहले से ही एसपी रसना ठाकुर पर दबाव था, वहीं कलेक्टर अजय श्रीवास्तव की प्रशासनिक भूमिका को भी लेकर असंतोष बढ़ रहा था।
शासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों अधिकारियों का तुरंत तबादला कर दिया। एसपी रसना ठाकुर को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया, जबकि कलेक्टर अजय श्रीवास्तव को भी अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया।
नए एसपी और कलेक्टर को मिली जिम्मेदारी
दिलीप कुमार सोनी बने नए एसपी
मऊगंज की कानून-व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी अब 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दिलीप कुमार सोनी को दी गई है। वे इससे पहले आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ उज्जैन में तैनात थे। अब उनकी प्राथमिकता होगी कि अपराधियों पर नकेल कसें और जिले में शांति व्यवस्था बहाल करें।
संजय जैन होंगे मऊगंज के नए कलेक्टर
वहीं, प्रशासनिक व्यवस्था को सुधारने के लिए संजय जैन को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले अन्य जिलों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अब मऊगंज में प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को बहाल करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
क्या बदलेगी मऊगंज की तस्वीर?
अब देखना होगा कि नए पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी और कलेक्टर संजय जैन की नियुक्ति के बाद मऊगंज जिले की प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था में कितना सुधार आता है। क्या यह बदलाव जिले में शांति और स्थिरता ला पाएगा, या फिर मऊगंज प्रशासन को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा?





