भुवरी टोल प्लाजा के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की दर्दनाक मौत
हनुमना, हनुमान नगर के सीधी रोड स्थित भुवरी टोल प्लाजा के समीप रात्रि लगभग 11 बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही हनुमना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जीबीआर कंपनी की एंबुलेंस की सहायता से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी
मृतक लगभग 30 वर्ष का बताया जा रहा है। वह पीले रंग की शर्ट और नीले रंग की जींस पहने हुए था। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को अस्पताल के चीरघर (मर्चुरी) में सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि परिजनों की पहचान की जा सके।
बाइक नंबर से जांच जारी, अज्ञात वाहन की तलाश
युवक एमपी 53 जेड सी 4236 नंबर की मोटरसाइकिल से अकेले यात्रा कर रहा था। संभावना जताई जा रही है कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई होगी। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है, साथ ही टोल प्लाजा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी मिल सके।
समाजसेवियों ने की पहचान में सहयोग की अपील
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष अखिलेश गुप्ता, नगर परिषद हनुमना के अध्यक्ष आशुतोष (सोनू) गुप्ता और भाजपा नेता लवकुश गुप्ता ने मानवीय संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर मृतक की तस्वीरें साझा कर आम नागरिकों से युवक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने की अपील की है।

