मऊगंज में दिल दहला देने वाली घटना: घर के अंदर संदिग्ध हालात में मिले पिता-पुत्र-पुत्री के सड़े-गले शव, इलाके में फैली सनसनी
शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गड़रा की घटना, कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद
विंध्य वसुंधरा समाचार मऊगंज (शाहपुर)
जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत ग्राम गड़रा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मकान के भीतर पिता, पुत्र और पुत्री के सड़े-गले शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए हैं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना आज दिनांक सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल के साथ जिला कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है।
दुर्गंध ने दिलाई मौत की भनक
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से उक्त मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। पहले लोगों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बदबू असहनीय हो गई तो आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर जब घर के भीतर दाखिल हुई तो भीतर का नजारा देखकर सन्न रह गई।
कमरे के भीतर तीन शव पड़े हुए थे — एक वृद्ध व्यक्ति, एक युवक और एक युवती का। शवों की पहचान अवशेरी साकेत, उनके पुत्र और पुत्री के रूप में की गई है।
चार से पांच दिन पुरानी बताई जा रही है मौत
पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक अवलोकन में यह अनुमान लगाया गया है कि तीनों की मृत्यु लगभग चार से पांच दिन पूर्व हो चुकी थी। इस दौरान शवों में तेज गर्मी के कारण सड़न शुरू हो गई थी, जिससे पूरे घर में बदबू फैल रही थी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इनकी मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।
पहले भी हो चुकी है इसी इलाके में बड़ी वारदात
उल्लेखनीय है कि इसी गांव में कुछ दिन पूर्व एक युवक की हत्या के बाद पुलिस बल पर हमला हुआ था, जिसमें एक एएसआई की भी मौत हो गई थी। जिस घर में अवशेरी साकेत और उनके बच्चों के शव मिले हैं, वह घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
इस पृष्ठभूमि को देखते हुए प्रशासन पहले से ही क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती किए हुए था, फिर भी इस तरह से तीन शवों का घर के भीतर मिलना कई संदेहों को जन्म दे रहा है।
प्रशासन जांच में जुटा
घटनास्थल पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक देर रात तक मौजूद रहे और मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। क्षेत्रीय नेताओं और पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह एवं वर्तमान विधायक प्रदीप पटेल मऊगंज भी मौके पर पहुंचकर घटना पर शोक जताया और निष्पक्ष जांच की मांग की है।





