हनुमना पुलिस की बड़ी कामयाबी: अवैध शराब की 40 पेटी के साथ बोलेरो वाहन जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
359 लीटर से अधिक अवैध शराब की खेप जब्त, ₹1.73 लाख की अनुमानित कीमत, उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी खेप
विशेष रिपोर्ट विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा/मऊगंज
मऊगंज ज़िले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए हनुमना थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत पुलिस ने उत्तर प्रदेश से आ रही अवैध शराब की बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान बोलेरो वाहन में 40 पेटी अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल मात्रा 359.28 लीटर और बाजार मूल्य ₹1,73,046 आंका गया है। इस मामले में एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बोलेरो से भारी मात्रा में शराब बरामद
पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी सची पाठक के मार्गदर्शन में हनुमना थाना प्रभारी अनिल काकडे के नेतृत्व में यह कार्रवाई 29 जून 2025 को अंजाम दी गई। सहायक उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, आरक्षक अतुल तिवारी एवं मनीष पांडे की टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से अवैध शराब की खेप बोलेरो वाहन (UP63 N 5282) में भरकर हनुमना लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पारदेश्वर मंदिर के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई 40 पेटी शराब बरामद हुई। बरामद माल में 35 पेटी देशी प्लेन शराब, 3 पेटी जिनियस ब्रांड की शराब तथा 2 पेटी अंग्रेजी शराब (IB और MD ब्रांड) शामिल थीं।
आरोपी ने स्वीकारा – बिक्री के लिए ला रहा था शराब, कोई दस्तावेज नहीं थे
वाहन चला रहा व्यक्ति राकेश गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 13, भाठी (हनुमना), पुलिस की गिरफ्त में आया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उक्त शराब को उत्तर प्रदेश के कोरांव क्षेत्र से अवैध रूप से हनुमना क्षेत्र में बिक्री हेतु ला रहा था। पुलिस द्वारा जब उससे वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर ही बरामद शराब का नमूना लेकर शेष शराब को सील किया और बोलेरो वाहन को जप्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने सराहा टीम का कार्य, नशे के खिलाफ अभियान को मिल रही गति
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप सोनी ने हनुमना पुलिस की तत्परता की सराहना की है। एएसपी विक्रम सिंह ने कहा कि —
मऊगंज जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी है। जिले की सीमाओं से आने वाले अवैध मादक पदार्थों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। जनता से अपील है कि यदि किसी को भी अवैध गतिविधियों की जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पूर्ण गोपनीयता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।”




