मऊगंज कलेक्टर का बड़ा एक्शन — हनुमना पटवारी किरण मिश्रा जांच के घेरे में
मऊगंज। जिले में प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है। हनुमना तहसील की पटवारी किरण मिश्रा पर लगे गंभीर आरोपों के बाद कलेक्टर ने बड़ा कदम उठाते हुए तहसीलदार हनुमना को जांच दल गठित करने और मामले की गहन जांच कराने के आदेश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कई महीनों से पटवारी किरण मिश्रा के विरुद्ध अनियमितताओं, मनमानी कार्यशैली और आमजन की शिकायतों को अनसुना करने जैसे आरोप लगातार सामने आ रहे थे। ग्रामीणों और हितग्राहियों ने राजस्व कार्यों में देरी, रिकार्ड संधारण में गड़बड़ी तथा किसानों को आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी करने में लापरवाही की शिकायतें दर्ज कराई थीं।
लगातार शिकायतों के मद्देनज़र कलेक्टर ने कहा है कि—
“प्रशासन जनता के हितों से समझौता नहीं करेगा। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
कलेक्टर के इस सख्त रुख से न केवल हनुमना क्षेत्र बल्कि पूरे जिले के राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय नागरिक इस कार्रवाई को आमजन की आवाज को प्रशासन तक पहुँचाने और उसके असरदार नतीजे के रूप में देख रहे हैं।
जांच पूरी होने के बाद यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो पटवारी किरण मिश्रा पर कठोर विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक यह कदम अन्य अधिकारियों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि शिकायतों को हल्के में लेना अब भारी पड़ सकता है।

