सीधी हादसे में तीन की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक फेसबुक पोस्ट हटाने से बढ़ी चर्चाएँ
गुरुवार की शाम सीधी–सिंगरौली नेशनल हाईवे (NH-39) पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल के सामने भीषण सड़क हादसे में बोलेरो और ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस समय हुआ जब मंच और पंडाल की तैयारी के लिए ट्रक में टेंट का सामान भरकर खड़ा किया गया था। तेज़ रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक में जा टकराई।
दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीसरे ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही प्राण त्याग दिए।
तीन घायलों की हालत नाजुक है और उन्हें रीवा संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।
सीएम ने पोस्ट कर जताया दुख, 5 मिनट में डिलीट
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार देर रात 11:25 बजे अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट डालकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा—
“सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। दुर्घटना में घायलों को उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रशासन को निर्देशित किया गया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति के कारण मैंने कल सीधी और रीवा में आयोजित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पोस्ट महज़ पाँच मिनट बाद ही फेसबुक से डिलीट कर दी गई। तब तक 203 लोगों ने इसे लाइक, 43 ने कमेंट और 25 ने शेयर कर दिया था। अचानक पोस्ट हटाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय सार्वजनिक किया था तो पोस्ट डिलीट करने की वजह भी साफ की जानी चाहिए थी।
मौके पर अफरातफरी, प्रशासनिक अमला अलर्ट
हादसे के बाद पूरे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई। बोलेरो पूरी तरह से चकनाचूर हो गई थी। प्रशासन और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचे और घायलों को बाहर निकालने के लिए वाहन के दरवाजे काटने पड़े।
जनभावनाएँ और आक्रोश
स्थानीय नागरिकों और मृतकों के परिजनों का कहना है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बड़े पैमाने पर था, लेकिन जनता की सुरक्षा को दरकिनार कर तैयारी की गई। यदि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण सही होता तो यह दर्दनाक हादसा शायद टल सकता था।

