रीवा–चाकघाट मार्ग पर प्रशासनिक लापरवाही से बड़ा हादसा गढ़ थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल-ऑटो की टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
रीवा–चाकघाट मार्ग पर डिवाइडर कट और सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की अनदेखी के कारण सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। सोमवार, 29 सितम्बर 2025 को शाम लगभग 5 बजे गढ़ थाना क्षेत्र के धारा विभा स्थल के पास हुए भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से मजदूरी करके अपने गृह ग्राम लौट रहे दो युवक मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान धारा विभा स्थल के समीप डिवाइडर कट के कारण उनकी बाइक सामने से आ रहे ऑटो क्रमांक एमपी 17 आर ए 0504 से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े।
जिला प्रशासन के आदेश कागजों तक सीमित
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रीवा से चाकघाट तक सड़क पर दर्जनों डिवाइडर कट अव्यवस्थित रूप से बने हुए हैं। इनमें से कई कट ढाबा संचालकों की सहमति और पैसों के लेन-देन से खोले और बंद किए जाते हैं। जबकि जिला कलेक्टर द्वारा पूर्व में ऐसे कटों को बंद करने के आदेश दिए गए थे। लेकिन उन आदेशों का पालन केवल कागजों पर ही रह गया और जमीनी स्तर पर कोई अमल नहीं हुआ। इसी लापरवाही का खामियाजा राहगीरों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
घायलों का उपचार और मृत्यु
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया।
लगभग रात्रि 12 बजे एक घायल की मृत्यु हो गई, जिसकी पहचान राजेश (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। दूसरे घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, लेकिन उसका नाम पुलिस अथवा परिजनों द्वारा अब तक पुष्टि नहीं किया गया है।
चर्चा का विषय
इस हादसे ने क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैला दिया है। लोग कह रहे हैं कि जिला प्रशासन केवल आदेश जारी करने तक ही सीमित है, उनकी जमीनी क्रियान्विति कभी दिखाई नहीं देती। आए दिन इन अवैध और अव्यवस्थित डिवाइडर कटों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।

