कटरा में ‘मन की बात’ का भव्य सामूहिक प्रसारण, विधायक सिद्धार्थ तिवारी रहेंगे मुख्य अतिथि
त्योंथर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कटरा क्षेत्र में दिनांक 25 जनवरी 2026, रविवार को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय एवं प्रेरणादायी जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ का भव्य सामूहिक प्रसारण आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कटरा (कटरा हायर सेकेंडरी स्कूल) के प्रांगण में संपन्न होगा।
इस विशेष अवसर पर त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के ऊर्जावान एवं जनप्रिय विधायक सिद्धार्थ तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक सहभागिता करेंगे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से वे राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, नवाचार, शिक्षा, संस्कृति एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करते हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम को लेकर कटरा मंडल अध्यक्ष सावेन्द्र शर्मा ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, युवाओं, मातृशक्ति, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं से विनम्र अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री जी के विचारों को सुनें और इस जनसंवाद को ऐतिहासिक एवं सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र को आगे बढ़ाने की प्रेरणा है। इस आयोजन से क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें, अनुशासन बनाए रखें एवं आयोजन को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।


