गांव के युवाओं ने पकड़ा नशे का कारोबारी, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
(गढ़ रीवा मध्यप्रदेश)
रीवा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की तमाम कोशिशों के बावजूद यह समस्या गंभीर रूप से बढ़ती जा रही है। गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लौरी में हाल ही में ऐसी ही एक घटना सामने आई, जब गांव के युवाओं ने एक युवक को नशीली गोलियां बेचते हुए पकड़ लिया। युवाओं ने उस युवक की तलाशी ली और पूरी घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो में दिख रहा सख्त मोनू साकेत निवासी लौरी बताया गया है। और क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
अवैध नशे का कारोबार गांव-गांव में फैला
रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। शराब, गांजा, नशीली कफ सिरप और गोलियों जैसी चीज़ें अब गांव-गांव में खुलेआम बेची जा रही हैं। बेरोजगारी के चलते युवा वर्ग इस अवैध धंधे में शामिल हो रहा है और बाइक से घूमकर नशीली सामग्री बेच रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और चुनौतियां
गढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कई बार बड़े कदम उठाए हैं। पूर्व थाना प्रभारी विकास कपीस और उनके बाद के अधिकारियों ने नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की। वर्तमान थाना प्रभारी अवनीश पांडेय के लिए यह समस्या एक बड़ी चुनौती है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर काम करें, तो इस अवैध कारोबार को रोका जा सकता है।
राजनीतिक दबाव और नशे का कारोबार
जन चर्चा के अनुसार, गढ़ क्षेत्र में कई बार पुलिस अधिकारियों को नशे के बड़े कारोबारियों पर कार्रवाई करने के बाद राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि ऐसे मामलों में प्रभावशाली लोग अधिकारियों के तबादले करवा देते हैं। हालांकि, यह केवल चर्चाओं तक सीमित है और पुलिस प्रशासन अपनी व्यवस्था के अनुसार कार्य करता है।
नशे के जाल में फंसते युवा और बच्चे
गढ़ थाना क्षेत्र के लौरी, बाबूपुर, कटरा और अन्य गांवों में 10-15 युवा और नाबालिग बच्चे इस कारोबार में शामिल हो गए हैं। इससे न केवल उनकी जिंदगी खराब हो रही है, बल्कि सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों और प्रशासन से अपील
ग्रामीणों और प्रशासन से अपील है कि वे इस गंभीर समस्या को समाप्त करने के लिए मिलकर काम करें। युवा वर्ग को जागरूक करना और नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना बेहद जरूरी है। यह कदम न केवल वर्तमान पीढ़ी को बचाएगा, बल्कि भविष्य के लिए भी एक सुरक्षित समाज का निर्माण करेगा।

