किराये के कमरे से 1440 शीशी नशीली कफ सिरप जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
रीवा। समान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराये के कमरे से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रतहरा टोल प्लाजा के पास सफेद रंग की कार (MP 17 ZD 8674) में नशीली कफ सिरप रखी गई है, जिसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका और जांच शुरू की।
कार की डिग्गी और किराये के कमरे से मिली नशीली सिरप
कार की तलाशी के दौरान उसकी डिग्गी से कुछ शीशियां नशीली कफ सिरप की बरामद हुईं। वहीं, आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने पास के एक किराये के कमरे में यह अवैध माल छिपाकर रखा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर कुल 1440 शीशी नशीली कफ सिरप जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
मोबाइल और वाहन भी जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक कार भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
1. कमलनयन सिंह उर्फ नमन ठाकुर (निवासी – उचेहरा बराती, थाना लौर, जिला मऊगंज)
2. विकास सिंह (निवासी – उचेहरा बराती)
3. राहुल पटेल (निवासी – ग्राम कैथा, थाना गढ़)
4. एक विधि विरुद्ध अपचारी बालक शामिल है।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह नशीली सिरप कहां से लाए थे और इसे कहां-कहां सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।

