ट्रेन यात्रा के दौरान 62 वर्षीय वृद्ध लापता, परिजन परेशान, प्रशासन से मदद की गुहार
रीवा। महाराष्ट्र के जलगांव से ट्रेन में सवार होकर रीवा आ रहे 62 वर्षीय वृद्ध राजमणि सिंह, निवासी ग्राम ईटहाई, थाना गढ़, जिला रीवा, यात्रा के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से वे काफी परेशान और चिंतित हैं।
परिजनों के अनुसार, राजमणि सिंह परिवार में बड़ी मां के निधन के कारण रीवा लौट रहे थे। वे 22 जनवरी को जलगांव से ट्रेन संख्या 19013 (जलगांव-रीवा एक्सप्रेस) में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान रात 8 बजे तक उनकी मोबाइल पर बात होती रही, उस समय ट्रेन हरदा स्टेशन के पास थी। हालांकि, जब परिजनों ने रात 10 बजे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका मोबाइल बंद आ रहा था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही पुलिस
राजमणि सिंह के भतीजे आशीष सिंह ने बताया कि इस घटना की सूचना रेलवे और स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस प्रशासन की उदासीनता से परिजन बेहद चिंतित हैं और अपनी ओर से हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों और अन्य यात्रियों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
परिजनों का निवेदन है कि - जल्द हो कार्रवाई हो।
राजमणि सिंह के अचानक लापता होने से उनके परिवार में गहरा संकट छा गया है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जांच करने और उनकी तलाश में प्रभावी कदम उठाने की अपील की है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। परिजन रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी (GRP) से मदद की गुहार लगा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द राजमणि सिंह का पता लगाया जा सके।
इस मामले में पुलिस और रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए परिजनों ने कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उच्च अधिकारियों से संपर्क करने को मजबूर होंगे।

