मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह से प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। राजधानी भोपाल में हल्की फुहारें पड़ रही हैं, वहीं मकर संक्रांति के दिन इंदौर-उज्जैन संभाग सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इससे पतंगबाजी के शौकीनों की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने 15 जनवरी को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल और बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रविवार को बैतूल, दमोह, रीवा, सतना और उमरिया में बारिश दर्ज की गई। दमोह में सबसे ज्यादा 7 मिमी बारिश हुई। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में बादल छाए रहे।
तापमान में भारी गिरावट
भोपाल में रविवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सुबह दृश्यता 500 से 1000 मीटर तक रही। बैतूल में बारिश के कारण तापमान 23.2 डिग्री तक पहुंच गया। गुना में तापमान में 7.6 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 20 डिग्री और इंदौर में 22.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
प्रदेश में उमरिया सबसे ठंडा जिला रहा, जहां दिन का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा, सतना, गुना, दमोह, पचमढ़ी, खजुराहो, सिवनी, टीकमगढ़ और शिवपुरी सहित अन्य जिलों में तापमान 18 से 23 डिग्री के बीच रहा। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई है। रविवार को प्रदेश में 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे दिन में ठंड का असर और अधिक महसूस हुआ।
अगले चार दिन और सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में घना कोहरा, बादल और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। ठंड और कोहरे के चलते वाहन चालकों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर किसान वर्ग को फसलों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की आवश्यकता है।


