हत्या का आरोपी गिरफ्तार: पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित ₹10,000 के इनामी बदमाश पर शिकंजा
गढ़, रीवा (मध्य प्रदेश) – थाना गढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹10,000 के इनामी हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विशेष गौतम (पुत्र स्वर्गीय गोटिया प्रसाद गौतम), निवासी काटमाना, तहसील सिरमौर, थाना गढ़, जिला रीवा, को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा।
हत्या के बाद से था फरार
अपराध क्रमांक 07/2025 धारा 103(1),3(5) के तहत विशेष गौतम पर दिनांक 6 जनवरी 2025 को अपने सगे चाचा की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था।
थाना प्रभारी की सतर्कता से मिली सफलता
थाना प्रभारी अवनीश पांडे ने अपराधियों की समीक्षा के दौरान अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर नजर रखी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी एक निश्चित स्थान पर मौजूद है। इसके आधार पर थाना गढ़ पुलिस और चौकी लालगांव की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी में इनका रहा सहयोग
गिरफ्तारी के दौरान थाना प्रभारी अवनीश पांडे के साथ चौकी प्रभारी लालगांव आर. बी. सिंह, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र द्विवेदी, विजय मिश्रा, आरक्षक बलराम यादव समर पटेल रवि तिवारी और आरक्षक पवन सत्यार्थी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कानूनी कार्रवाई कर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अपराधियों पर शिकंजा कसने का अभियान जारी
थाना प्रभारी अवनीश पांडे के नेतृत्व में थाना गढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है, जिससे थाना क्षेत्र में शांति बनी रहे और किसी भी अपराधी के हौसले बुलंद न हो सकें।



