बिना नंबर की पिकअप में लोड यूरिया खाद पकड़ी, जांच जारी
रीवा गढ़ , 8 फरवरी 2025:
पुरानी राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर पुलिस ने 7 फरवरी की शाम को बिना नंबर की एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी पकड़ी, जो यूरिया खाद से लदी हुई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया। इस मामले में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच जारी है।
पुलिस ने क्यों रोकी गाड़ी?
पुलिस के अनुसार, व्यस्ततम मार्ग पर बिना नंबर की गाड़ी संदिग्ध लगी, जिसके चलते उसे रोका गया। जब पुलिस ने गाड़ी की जांच की, तो उसमें यूरिया खाद लोड मिला। गाड़ी के कागजात और खाद से जुड़े दस्तावेज मौके पर नहीं मिले, जिसके चलते उसे जांच के लिए थाने ले जाया गया।
कृषि विभाग की जांच जारी
सूचना मिलते ही कृषि विभाग के एसडीओ (अनविभागीय अधिकारी) रवि सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने खाद का सैंपल लिया और भंडारण व्यवस्था की जांच की। विभागीय अधिकारियों ने खाद के स्रोत और उसके वितरण से संबंधित दस्तावेजों की भी समीक्षा की।
एसडीओ रवि सिंह ने बताया,
"प्रथम दृष्टया संदेहास्पद स्थिति नजर आ रही है। खाद के नमूनों की लैब में जांच कराई जाएगी, और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों पर नियमित कार्रवाई की जाएगी।"
दुकान संचालक ने नहीं दी कोई जानकारी
पुलिस ने इस मामले में खाद-बीज दुकान संचालक राजेंद्र गुप्ता से पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था,
"मैं इस संबंध में कुछ नहीं कहना चाहता।"
कठोर कार्रवाई की चेतावनी
कृषि विभाग और पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। यदि खाद के भंडारण, वितरण या गुणवत्ता में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



