बाइक सवार युवक पर अज्ञात बदमाशों ने किया फायर, गोली लगने से हालत गंभीर
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक बाइक सवार युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बर्रोहा गांव के पास की है, जहां पल्सर बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने अचानक युवक पर फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
यूपीएससी की तैयारी कर रहा था घायल युवक
घायल युवक की पहचान शैलेंद्र सोनी (22) पुत्र रामायण प्रसाद सोनी निवासी भलुहा, थाना नईगढ़ी के रूप में हुई है। शैलेंद्र प्रयागराज में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और हाल ही में कुछ समय के लिए अपने गांव आया हुआ था। सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपने पिता की अकौरी, नईगढ़ी में स्थित ज्वेलरी दुकान से घर लौट रहा था। जब वह बर्रोहा गांव के समीप पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोककर उस पर फायरिंग कर दी। इस हमले में शैलेंद्र को कंधे और कमर में दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार हेतु संजय गांधी मेमोरियल रीवा में इलाज जारी है। जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद शैलेंद्र सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत उसके परिवार को सूचना दी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।इधर, घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल, हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें व्यक्तिगत रंजिश, लूटपाट और अन्य आपराधिक संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि,
"घटना में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदातों से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही इस हमले का खुलासा होने की उम्मीद है।




