हनुमना नगर में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी पीसीसी सड़क, ठेकेदार की मनमानी से जनता परेशान
मऊगंज (रीवा) – मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना नगर में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का शिकार हो गई है। सोहगौरा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाई जा रही इस सड़क में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क बनने के साथ ही कई जगहों पर फट गई और दरारें आ गई हैं। यही नहीं, ठेकेदार के के सोहगौरा द्वारा नियमों को ताक पर रखकर रात के अंधेरे में सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीडब्ल्यूडी विभाग रीवा के तहत बनाई जा रही है, लेकिन इसमें भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी और सरकारी मानकों का पालन न किए जाने के कारण सड़क जगह-जगह से टूट रही है। हालत यह है कि कई जगहों पर मौत के गड्ढे बन चुके हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
सड़क निर्माण में मनमानी और लापरवाही
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के लिए 1114.56 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। लेकिन ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यह परियोजना भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। आधी-अधूरी सड़क बनने के बाद ही फट गई, और अब दरारों को छुपाने के लिए जले हुए ऑयल का उपयोग किया जा रहा है।इसके अलावा, निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में हरे पेड़ों को भी ठेकेदार द्वारा काटा गया है, लेकिन इन पेड़ों की लकड़ी कहां गई, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कीमती लकड़ी को निजी स्तर पर बेच दिया गया है।
नगरवासियों में आक्रोश, जांच की मांग
हनुमना नगर के निवासियों में इस अनियमितता को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि
1. संपूर्ण सड़क का भौतिक सत्यापन कराया जाए।
2. कटे गए पेड़ों की संख्या और लकड़ी के उपयोग की जांच हो।
3. ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
4. गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
सरकार को सीधी चुनौती?
जिस तरह से ठेकेदार के के सोहगौरा द्वारा सरकारी नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, वह सीधे तौर पर शासन-प्रशासन के प्रति एक चुनौती की तरह देखा जा रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में हो रहे इस भ्रष्टाचार पर क्या कार्रवाई होगी, यह देखने वाली बात होगी।नगरवासियों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। हनुमना नगर की जनता एक मजबूत और टिकाऊ सड़क चाहती है, न कि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी एक अधूरी और खस्ताहाल सड़क।



