संभागीय जनसंपर्क विभाग समाचार विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश 5 मार्च 2025
गेहूं उपार्जन की तैयारियों पर संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित
रीवा, 04 मार्च 2025 – कलेक्ट्रेट कार्यालय सभागार में गेहूं उपार्जन की तैयारियों की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित होते हुए प्रमुख सचिव खाद्य श्रीमती रश्मि अरूण शमी ने निर्देश दिए कि उपार्जन के समय गेहूं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि एफएक्यू (Fair Average Quality) से कम गुणवत्ता वाले गेहूं को अमान्य किया जाए और उपार्जित गेहूं का तत्काल उठाव एवं भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रमुख सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि किसानों को उपार्जित गेहूं का भुगतान तीन दिवस के भीतर उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए। परिवहनकर्ताओं और सहकारी समितियों को भी समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए गए। सभी उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, जिससे प्रक्रिया की सख्त निगरानी हो सके।
आयुक्त खाद्य श्री कर्मवीर शर्मा ने बताया कि 31 मार्च तक किसानों का पंजीयन किया जाएगा, और इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु कियोस्क सेंटरों को अनुमति प्रदान की जा रही है। किसानों को समर्थन मूल्य ₹2,425 प्रति क्विंटल के साथ ₹175 बोनस जोड़कर कुल ₹2,600 प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया जाएगा। प्रत्येक खरीदी केंद्र पर छाया, पानी, शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संचालक नागरिक आपूर्ति निगम श्री अनुराग वर्मा ने बताया कि वर्तमान में गेहूं की आवक धीमी है, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में अधिक उपार्जन होने की संभावना है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि धान की मिलिंग 15 जून तक शत-प्रतिशत पूरी कर ली जाए, ताकि आगामी खरीफ फसल की भंडारण व्यवस्था प्रभावित न हो। बैठक में संभागीय कमिश्नर बीएस जामोद, रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मैहर कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव सहित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
राशन कार्डधारियों के लिए 31 मार्च तक ई-केवाईसी अनिवार्य
रीवा, 04 मार्च 2025 – संभागीय समीक्षा बैठक में आयुक्त खाद्य श्री कर्मवीर शर्मा ने उचित मूल्य दुकानों के खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। इसके साथ ही, डुप्लीकेट परिवारों, एक या दो सदस्यीय परिवारों और सात से अधिक सदस्य संख्या वाले परिवारों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। आयुक्त खाद्य ने कहा कि उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। जो दुकानें महीने में 10 दिन से कम खुलती हैं, उनके सेल्समैनों को पद से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों में खाद्यान्न वितरण की ऑनलाइन निगरानी करने के निर्देश दिए और कहा कि ट्रकों से उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न पहुंचने के बाद उसकी पावती ऑनलाइन दर्ज की जानी चाहिए। इस बैठक में संचालक नागरिक आपूर्ति निगम श्री अनुराग वर्मा, खाद्य विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, एमपी वेयरहाउस तथा भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आज
रीवा, 04 मार्च 2025 – कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल 5 मार्च को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगी। बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, प्राकृतिक आपदा में सहायता राशि वितरण, न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण, ऑडिट कंडिका, राजस्व वसूली, स्वामित्व योजना, नक्शा तरमीम, फार्मर रजिस्ट्री, किसान सम्मान निधि और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की जाएगी। अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने सभी राजस्व अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
गर्भवती और धात्री महिलाओं का 100% ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित करें
रीवा, 04 मार्च 2025 – महिला एवं बाल विकास विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि अरूण शमी ने निर्देश दिए कि गर्भवती और धात्री महिलाओं का 100% पोर्टल पर पंजीयन किया जाए।उन्होंने कहा कि कम वजन वाले बच्चों का सत्यापन एक माह के भीतर पूरा किया जाए और उन्हें बाल आरोग्य योजना के तहत समुचित उपचार दिया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों को कम से कम 20 दिन खुला रखना अनिवार्य होगा, अन्यथा संबंधित कार्यकर्ता और सहायिका के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल, सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मैहर कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वच्छ पेयजल स्वास्थ्य की आधारशिला: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
रीवा, 04 मार्च 2025 – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल स्वास्थ्य की आधारशिला है और इससे जलजनित बीमारियों पर नियंत्रण किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहाँ पेयजल योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, वहाँ मॉनिटरिंग कर प्रत्येक घर में स्वच्छ और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि टमस सामुदायिक योजना के अंतर्गत 20 जल टंकियों का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, और कंदेला सामुदायिक योजना के अंतर्गत जल आपूर्ति की स्थिति का भौतिक सत्यापन कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री पी. नरहरि, एमडी जल निगम श्री केवीएस चौधरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस पर 32 लाइनमैन सम्मानित
रीवा, 04 मार्च 2025 – एमपी ट्रांसको द्वारा राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस एवं राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें रीवा में 32 लाइनमैनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री संदीप गायकवाड़ ने कहा कि लाइनमैन विद्युत आपूर्ति की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को सम्मानित करना आवश्यक है। कार्यक्रम में ट्रांसमिशन लाइन मेंटनेंस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में 75 आवेदकों की समस्याएँ सुनी गईं
रीवा, 04 मार्च 2025 – कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 75 आवेदकों की समस्याओं को सुना गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर एवं संयुक्त कलेक्टर श्रेयस गोखले ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनसुनवाई में उपस्थित आवेदकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया, जिससे उन्हें राहत प्रदान की जा सके।



