रीवा में कानून व्यवस्था ध्वस्त: बस संचालन की होड़ में निर्दोष डॉक्टर की हत्या
अपराधियों ने पत्थरबाजी कर की हत्या, बेखबर यात्रियों को किया लहूलुहान
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश 5 मार्च 2025
रीवा: रीवा शहर के चोरहटा थाना से चंद कदम की दूरी पर बीते दिन एक दर्दनाक घटना घटी, जहां अज्ञात अपराधियों ने एक बस पर पत्थर बरसाकर निर्दोष डॉक्टर की निर्मम हत्या कर दी। इस हमले में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात बस संचालन की अवैध प्रतिस्पर्धा का परिणाम मानी जा रही है। कहा जा रहा है कि इस कृत्य के पीछे एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसकी रीवा से इंदौर तक बिना परमिट की बसें संचालित होती हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मोराई क्षेत्र का निवासी हो सकता है।
कानून-व्यवस्था पर उठते सवाल
इस घटना ने रीवा की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रीवा में पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि वसूली और सिफारिशों पर आधारित कार्यप्रणाली बन चुकी है। क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि बीट से लेकर थाना स्तर तक टारगेट पूरा करने पर ही जोर दिया जाता है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
चोरहटा थाना के पास ही हुई हत्या, लेकिन पुलिस बेखबर?
जिस स्थान पर यह घटना घटी, वह चोरहटा थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर इस हमले को अंजाम दिया। यह दर्शाता है कि अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
पीड़ित परिवार की पीड़ा और प्रशासन की निष्क्रियता
जिस निर्दोष डॉक्टर की हत्या हुई, उसके परिवार पर क्या बीत रही होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। लेकिन इस दर्दनाक घटना से न तो रीवा पुलिस को कोई सरोकार है और न ही उन अपराधियों को जो पुलिस के संरक्षण में ही बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं।

