पटवारी को रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ा
रीवा: सरकारी विभागों में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस रीवा ने आज कटरा वृत सोहागी तहसील नईगढ़ी में पदस्थ एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई आज दोपहर 12 बजे कटरा बाईपास स्थित एक दुकान के पास की गई।
मामले का पूरा विवरण
लोकायुक्त को शिकायतकर्ता रामानिवास (पिता - विधाता, ग्राम - खुज, तहसील - नईगढ़ी) द्वारा सूचना दी गई थी कि संबंधित पटवारी ने भूमि संबंधी कार्यों के लिए ₹5000 की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता पहले ही ₹1000 दे चुका था, और शेष ₹2000 की दूसरी किश्त का भुगतान करने के लिए आज दोपहर कटरा बाईपास स्थित जायसवाल ऑनलाइन दुकान के पास बुलाया गया था।
जैसे ही पटवारी ने ₹2000 की राशि ली, रीवा लोकायुक्त की 15-सदस्यीय टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। तत्पश्चात, आरोपी पटवारी को मनगवां तहसील ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
भ्रष्टाचार पर प्रशासन की सख्त नजर
रीवा और मऊगंज जिलों में भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में पारदर्शिता लाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं शासन की सख्ती को चुनौती देती नजर आ रही हैं।
लोकायुक्त टीम द्वारा अभी इस मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जैसे ही जांच पूरी होगी, आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: विंध्य वसुंधरा समाचार इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।)


