मऊगंज दोहरे हत्याकांड: पूर्व सांसद के बयान पर बवाल, अधिवक्ताओं ने की शिकायत
मऊगंज, 24 मार्च: मऊगंज जिले के ग्राम गडरा में 15 मार्च को हुए दोहरे हत्याकांड को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस घटना को लेकर अब राजनीति भी गरमा गई है। बीते दिन पूर्व सांसद व विधायक बुद्धसेन पटेल के एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे न केवल इस हत्याकांड को सही ठहरा रहे हैं, बल्कि हत्या के आरोपियों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसी घटनाएं करने जैसी बातें कहते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो सामने आने के बाद ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज में भारी आक्रोश है। समाज के लोग पूर्व सांसद की इस मानसिकता को घृणित बताते हुए उनकी आलोचना कर रहे हैं। आज रीवा के सिविल लाइन थाना में अधिवक्ताओं के एक समूह ने पूर्व सांसद बुद्धसेन पटेल के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
अधिवक्ताओं ने की कानूनी कार्रवाई की मांग
रीवा जिला सत्र न्यायालय के अधिवक्ता अनंत मिश्रा और मानवेन्द्र द्विवेदी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने पुलिस को सौंपे गए आवेदन में बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पूर्व सांसद बुद्धसेन पटेल खुले मंच से गडरा में हुए हत्याकांड को सही ठहराते हुए भड़काऊ और आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। उनके भाषण में ब्राह्मण समाज के खिलाफ नफरत फैलाने और समाज को हिंसा के लिए उकसाने की मंशा स्पष्ट दिखाई देती है।
अधिवक्ताओं के अनुसार, यह बयान संविधान और भारतीय दंड संहिता की धाराओं का उल्लंघन करता है। इससे समाज में जातीय विद्वेष फैल सकता है और सांप्रदायिक सौहार्द्र को नुकसान पहुंच सकता है। अतः पुलिस को तत्काल इस मामले में संज्ञान लेकर कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
समाजसेवियों की प्रतिक्रिया
इस मामले में समाजसेवी एडवोकेट बी.के. माला ने भी पूर्व सांसद के बयान की निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की है। यह उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि अधिवक्ताओं द्वारा की गई शिकायत पर उचित कार्यवाही की जाए और दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसा जाए।
प्रशासन पर दबाव बढ़ा
पूर्व सांसद के इस बयान को लेकर अब समाज के कई वर्गों में असंतोष व्याप्त हो गया है। पुलिस प्रशासन पर भी तेजी से कार्यवाही करने का दबाव बढ़ता जा रहा है। देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है और पूर्व सांसद बुद्धसेन पटेल के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई होती है।


