श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह भक्ति ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से
ग्राम कलवारी में सात दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान, भक्ति और ज्ञान की धारा प्रवाहित
(Shailendra Mishra) विंध्य वसुंधरा समाचार गढ़ ग्राम कलवारी,रीवा मध्य प्रदेश 7 मार्च 2025
ग्राम कलवारी की पावन धरा पर 7 मार्च से 13 मार्च 2025 तक श्री मद्भागवत कथा सप्ताह भक्ति ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दिव्य अनुष्ठान का शुभारंभ 7 मार्च को एक विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें समस्त ग्रामवासी, श्रद्धालु भक्तगण एवं संतजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण किए हुए मंगल गीत गाती हुई आगे बढ़ीं। शोभायात्रा में श्रद्धालु भक्ति रस में लीन होकर हरिनाम संकीर्तन करते चले। पूरे गांव में इस अवसर पर हर्ष और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।
कथा प्रवक्ता एवं विशेष आयोजन
इस पावन कथा सप्ताह में अनंत श्री विभूषित वैष्णव कुलभूषण, प्रयाग पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 स्वामी श्री रामरतन दास जी महाराज (श्री फलाहारी बाबा आश्रम) के कृपापात्र परम श्रद्धेय स्वामी सुखनिधान शरण जी महाराज अपनी वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का अमृत प्रवाहित करेंगे।प्रतिदिन संगीतमय कथा प्रवचन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा, रासलीला, उद्धव-गोपी संवाद एवं भगवान के दिव्य उपदेश सुनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, भजन संध्या और संकीर्तन कार्यक्रम का भी आयोजन होगा, जिसमें भक्तगण भक्ति रस में डूबकर ईश्वर की आराधना करेंगे।
पूर्णाहुति एवं भंडारा
इस भव्य आयोजन का समापन 13 मार्च 2025 को महाप्रसाद एवं विशाल भंडारे के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन में नितेश शर्मा, प्रदेश मंत्री, युवा मोर्चा, मध्य प्रदेश बजरंग सेना एवं ग्राम कलवारी के समस्त ग्रामवासियों एवं बजरंग ग्रुप के सौजन्य से किया जा रहा है।
कथा का सीधा प्रसारण
जो श्रद्धालु कथा स्थल पर उपस्थित नहीं हो सकते, वे यूट्यूब पर "सुखनिधान जी महाराज" सर्च करके कथा का लाइव प्रसारण देख सकते हैं और पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत
ग्राम कलवारी की पावन धरा पर पधारने वाले समस्त श्रद्धालु भक्तों, संतजनों एवं धर्म प्रेमियों का ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया जाता है।
निवेदक: ✍🏻 समस्त ग्रामवासी, ग्राम कलवारी एवं बजरंग ग्रुप




