ग्रामीणों का पुलिस पर जानलेवा हमला, SI की मौत, कई अधिकारी गंभीर रूप से घायल
मऊगंज, मध्य प्रदेश | शनिवार, 15 मार्च 2025
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस और तहसील अधिकारियों पर आदिवासी ग्रामीणों द्वारा किए गए हमले में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सब-इंस्पेक्टर (SI) रामचरण गौतम की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हमला?
मऊगंज जिले के रमनगरी पंचायत के गड़रा गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे। विवाद को शांत कराने के दौरान अचानक ग्रामीणों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पुलिस टीम पर कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया। इस हमले में थाना प्रभारी संदीप भारती, तहसीलदार पानिका, एएसआई जवाहर सिंह यादव और बृहस्पति पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। एसडीओपी अंकित सुल्या को ग्रामीणों ने घेर लिया और कई अन्य पुलिसकर्मी भीड़ के बीच फंस गए।
महिला अधिकारी को बनाया बंधक
घटना के दौरान ग्रामीणों ने एक महिला अधिकारी को बंधक बना लिया और एक युवक रज्जन की हत्या कर दी। पुलिस प्रशासन के लिए स्थिति अत्यधिक गंभीर हो गई, क्योंकि मौके पर मौजूद कई पुलिसकर्मी घायल होकर अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
स्थिति बेकाबू, पुलिस फंसी
हमले के बाद मौके पर भारी तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस टीम पर बार-बार हमला किया। एसडीओपी अंकित सुल्या और कई पुलिस अधिकारी अभी भी ग्रामीणों के बीच फंसे हुए हैं। घटना स्थल पर पुलिस बल की तीन टुकड़ियां रवाना कर दी गई हैं, जो रीवा कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क में हैं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, प्रशासन सतर्क
घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि घायलों का इलाज मऊगंज के सिविल अस्पताल और आशीर्वाद अस्पताल में जारी है।
मऊगंज में हुई इस हिंसक घटना ने पुलिस प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक जारी है, और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

