परीक्षा परिणामों में पतंजलि पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल, गढ़ का उत्कृष्ट प्रदर्शन
10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में इंग्लिश मीडियम के छात्र छात्राओं ने लहराया परचम
माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा संचालित सत्र 2024-25 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में पतंजलि पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल, गढ़ (इंग्लिश मीडियम) के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र एवं अभिभावकों का मान बढ़ाया है।
विद्यालय के प्रबंधक अनिल त्रिपाठी एवं प्राचार्य प्रदीप ओझा ने परीक्षा परिणामों की घोषणा के बाद सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा तथा अभिभावकों के सतत सहयोग का प्रतिफल है।
10वीं बोर्ड परीक्षा में नायाब प्रदर्शन
कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 45 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए, जिनमें से 10 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 14 विद्यार्थी 75% से ऊपर अंक अर्जित करने में सफल रहे। यह विद्यालय के इतिहास में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
विद्यालय की होनहार छात्रा सोनाक्षी गुप्ता ने 96.4% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके साथ कोमल जायसवाल ने 96% अर्जित कर द्वितीय स्थान किया वही प्रिया सिंह ने 94.4% अंकों के साथ निकटतम तृतीय स्थान पर रहीं। इन तीनों छात्राओं ने जिले में भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
12वीं कक्षा का प्रदर्शन भी रहा प्रभावशाली
हालांकि 10वीं परीक्षा का परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा, विद्यालय की 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्राचार्य प्रदीप ओझा ने बताया कि 12वीं कक्षा से सम्मिलित अधिकांश छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है, जिनमें से कई छात्र विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में उल्लेखनीय अंक अर्जित कर उच्च शिक्षा की दिशा में सशक्त कदम बढ़ा चुके हैं।
विद्यालय में खुशी का माहौल
विद्यालय प्रबंधन द्वारा सफल छात्रों के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक अनिल त्रिपाठी ने समस्त शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के अनुशासन, परिश्रम एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के माध्यम से पतंजलि पब्लिक स्कूल नित्य नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।



