गढ़ पुलिस की तत्परता लाई रंग, गुम और चोरी मोबाइल किए बरामद, पीड़ितों को लौटाए गए फोन
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश शैलेन्द्र मिश्रा
गढ़ थाना क्षेत्र में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की घटनाओं के बीच गढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए सराहनीय कार्य किया है। साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने कई मोबाइल फोन बरामद कर आज उन्हें उनके असली मालिकों को लौटाया।
थाना परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल फोन संबंधित व्यक्तियों को सौंपे गए। इस अवसर पर गढ़ थाना के सहायक उप निरीक्षक के.एल. बागड़ी एवं आरक्षक बलराम यादव द्वारा उपेंद्र शुक्ला, अनिल गुप्ता सहित अन्य नागरिकों को उनके गुम मोबाइल सुपुर्द किए गए
मोबाइल सौंपने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा चोरी या गुमशुदगी की स्थिति में तत्काल थाना या साइबर हेल्पलाइन पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।
गौरतलब है कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति की अनिवार्य जरूरत बन चुका है। इसके बढ़ते उपयोग के साथ चोरी और गुम होने की घटनाएं भी आम होती जा रही हैं। ऐसे में गढ़ पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने वाली है।
पुलिस द्वारा बताया गया कि शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रैक की गई। तत्पश्चात टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मोबाइलों को बरामद किया और नियमानुसार उनके मालिकों को लौटाया।
गढ़ पुलिस का यह प्रयास न सिर्फ उनकी सजगता का परिचायक है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस हर स्तर पर तत्पर है।
गढ़ थाना की इस पहल की स्थानीय जनों द्वारा सराहना की जा रही है।


