बहुती जलप्रपात बना रहस्य का केंद्र, युवक की तलाश में निकले परिजनों को मिला महिला का शव और पुराना नरकंकाल
तीन दिन से लापता युवक का सुसाइड नोट मिला, लेकिन शव नहीं – इलाके में फैली सनसनी
मऊगंज। जिले के नईगढ़ी थाना अंतर्गत बहुती जलप्रपात एक बार फिर चर्चा में है, जहां तीन दिन पूर्व लापता हुए युवक की तलाश में निकले परिजनों और पुलिस को युवक का शव तो नहीं मिला, लेकिन एक महिला का शव और एक महीनों पुराना नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नईगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेधाकला निवासी शैलेंद्र पांडे पिता शत्रुघ्न पांडे मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसी बीच बुधवार को बहुती जलप्रपात के ऊपर उसकी चप्पल और एक सुसाइड नोट मिलने से परिजन सकते में आ गए और उन्होंने आशंका जताई कि शैलेंद्र ने जलप्रपात से छलांग लगा दी है।
गुरुवार सुबह परिजन पुलिस के सहयोग से जलप्रपात के नीचे युवक की तलाश में उतरे। लेकिन गहराई में घंटों की तलाश के बाद उन्हें शैलेंद्र का शव नहीं मिला। इसके बजाय उन्हें एक महिला का शव और एक नरकंकाल बरामद हुआ।
महिला की शिनाख्त ग्राम करह निवासी शशिकला साकेत पति नीरज साकेत उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पूर्व रात को घर से निकली थी, जिसके बाद अब उसका शव जलप्रपात के नीचे पाया गया है।
वहीं, मौके से मिला नरकंकाल पुराना प्रतीत हो रहा है जिसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक ही स्थान से दो शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
एसपी मऊगंज दिलीप सोनी ने बताया कि –
"जलप्रपात क्षेत्र में मिली महिला की पहचान हो चुकी है, जबकि नरकंकाल की पहचान के लिए डीएनए जांच और अन्य प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं। शैलेंद्र की तलाश अभी जारी है, और सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।"
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। बहुती जलप्रपात अब रहस्यमयी घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है, जिसे लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।



