रीवा : शराब दुकानों में लूट पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन, कहा - "ना मैं झुकी हूं, ना झुकूंगी", MRP से अधिक दर पर शराब बेचने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रीवा जिले में शराब दुकानों पर मनमाने दाम वसूले जाने और लूट जैसी स्थिति को लेकर जनता की लगातार उठती आवाज अब रंग लाने लगी है। यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जनता द्वारा किए गए खुलासों को गंभीरता से लेते हुए रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। उन्होंने शराब दुकानदारों और उनके पीछे खड़े कथित संरक्षणदाताओं को दो टूक चेतावनी दी है कि अब किसी भी प्रकार की मनमानी नहीं चलेगी।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट कहा है — "ना मैं झुकी हूं, ना झुकूंगी। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने यह भी आदेशित किया है कि जिले की सभी शराब दुकानों पर अब अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट (MRP) चस्पा की जाए और दुकानों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही किया जाए।
शराब दुकानों पर जनता की खुली लूट का खुलासा
बीते कुछ समय से रीवा जिले की शराब दुकानों में MRP से अधिक दरों पर शराब बेचे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। कई दुकानों पर ग्राहकों से अवैध रूप से "सेवा शुल्क" वसूला जा रहा था। शराब दुकानदार मनमाने समय पर दुकान खोलते और बंद करते थे, जिससे शासन की नियमावली की खुलेआम धज्जियां उड़ रही थीं।
इस पूरे मामले को यूट्यूब चैनलों और लोकल मीडिया ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और अब कलेक्टर द्वारा सीधे निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्रामीण शराब दुकानों में बड़े स्तर पर अवैध वसूली
कलेक्टर के लिए अगली चुनौती ग्रामीण इलाकों में संचालित शराब दुकानों पर लगाम कसना है। सूत्रों की मानें तो कई गांवों में सरकारी शराब दुकानें पुलिस, आबकारी विभाग और स्थानीय दबंगों के संरक्षण में संचालित हो रही हैं। इन दुकानों से लाखों रुपए की "मंथली" वसूली की जाती है, जिसे सेवा शुल्क का नाम दिया गया है।
कलेक्टर के आदेश के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या इन विभागों पर भी कार्रवाई होगी? क्या इन अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होगी? या फिर यह अवैध कारोबार यूं ही चलता रहेगा?
जनता की जागरूकता बनी प्रशासन की ताकत
कलेक्टर ने यह भी माना कि यदि जनता इसी तरह से सक्रिय और जागरूक बनी रही तो किसी भी प्रकार की लूट या अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाना संभव होगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि कहीं भी शराब दुकानों में मनमानी या अवैध वसूली होती है तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।
पुलिस आयुक्त और कलेक्टर की पहल को जनता की सराहना
रीवा के वर्तमान पुलिस आयुक्त और कलेक्टर द्वारा की जा रही संयुक्त कार्यवाही की शहर और ग्रामीण इलाकों में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों को उम्मीद है कि यह कार्रवाई एक उदाहरण बनेगी और रीवा जिले में शराब व्यापार से जुड़ी अनियमितताओं पर सख्त अंकुश लगेगा।

