राष्ट्रीय राजमार्ग पर पशु तस्करी का भंडाफोड़: ट्रक में ठूंस-ठूंसकर ले जाई जा रही थीं 24 भैंसें, गढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश
पशु तस्करों के खिलाफ रीवा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आज सुबह एक ट्रक को पकड़ लिया, जिसमें क्रूरता पूर्वक 24 भैंसों को भरकर ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई गढ़ थाना पुलिस द्वारा मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में पशु तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
मामला रीवा जिले के गढ़ थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से सामने आया है , जहां एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी लेने पर उसमे 24 भैंस पशु तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। इन पशुओं को तस्करी के माध्यम से अन्य जिलों या राज्य से बाहर ले जाने की आशंका जताई जा रही है।
आईजी गौरव सिंह राजपूत और एसपी विवेक सिंह की सतर्क निगरानी में कार्रवाई
रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव सिंह राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देशन में पशु तस्करों पर यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। दोनों अधिकारियों को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि हाईवे के रास्ते बकरी एवं भैंसों की अवैध तस्करी कर उन्हें कत्लखानों तक भेजा जा रहा है।
भैंसों को गोघाम ग्राम पंचायत हिनौती में सुरक्षित रखा गया
पकड़ी गई सभी 24 भैंसों को तत्काल गोधाम ग्राम पंचायत हिनौती, थाना गढ़ में अस्थायी गोशाला में सुरक्षित रखा गया है। स्थानीय प्रशासन, पशु चिकित्सा विभाग और पंचायत स्तर पर उनकी देखरेख की व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस की पड़ताल जारी, बड़े गिरोह का हो सकता है खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ और दस्तावेजी जांच के बाद पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि ट्रक कहां से आया था, गंतव्य कहां था और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है। सूत्रों की मानें तो यह मामला एक संगठित पशु तस्करी गिरोह की ओर इशारा करता है, जो लंबे समय से रीवा सहित आसपास के जिलों में सक्रिय हो सकता है।
गढ़ पुलिस का कहना है कि फिलहाल पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना प्राथमिकता है। उसके बाद पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक ट्रक चालक व अन्य संलिप्त व्यक्तियों से पूछताछ जारी थी।
स्थानीय समाजसेवियों और पशु प्रेमियों की प्रतिक्रिया
घटना के बाद क्षेत्र के पशु प्रेमियों और गौसेवा संगठनों ने राहत की सांस ली है और गढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। लोगों ने मांग की है कि इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर न्यायिक सजा दी जाए।


