गढ़ पुलिस की छापामार कार्रवाई में नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई — फरार तस्कर गिरफ्तार, दो बाइकें जब्त
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश
रीवा, गढ़। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही रीवा पुलिस को शनिवार को शाम बड़ी सफलता हाथ लगी, जब गढ़ थाना पुलिस ने फरार चल रहे एक तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की 186 शीशियाँ और दो बिना नंबर की महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत ₹4,31,620 आँकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह, एवं एसडीओपी मनगवां के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी गढ़ निरीक्षक अवनीश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
■ मुखबिर की सूचना से टूटा नशा नेटवर्क
दिनांक 28 जून 2025, समय लगभग रात्रि 10 बजे गढ़ पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध युवक भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप कटरा तरफ से लेकर गढ़ क्षेत्र से होकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और विशेष गश्ती दल को चेकिंग हेतु अलर्ट किया गया।
थोड़ी ही देर में पुलिस ने दो आर वन फाइव बाइक सवार युवक को आते देखा, जिसे रुकने का संकेत दिया गया। लेकिन आरोपी पुलिस को देख घबरा गया और चालाकी से लोरी साइड कच्चे रस्ते में डाले कीचड़ में बाइक फस गई। गढ़ पुलिस की सतर्कता और चुस्ती के चलते आरोपी को दौड़कर पकड़ लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
■ 186 शीशी कफ सिरप, दो बिना नंबर बाइक जब्त
मौके पर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की मोटरसाइकिल से WINGS ब्रांड की 186 शीशियाँ नशीली कफ सिरप बरामद की गईं, जिसकी बाजार कीमत ₹31,620 बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से दो अदद बिना नंबर की R-15 मोटरसाइकिल (कुल अनुमानित कीमत ₹4 लाख) भी जब्त की गई।
जब्त सामग्री की कुल बाजार कीमत लगभग ₹4,31,620 है, जो क्षेत्र में चल रहे नशा तस्करी के संगठित गिरोह की गंभीरता को दर्शाती है।
■ गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त विजय वीर विक्रम प्रताप सिंह उर्फ गोलू पिता प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़, थाना गढ़ के रूप में हुई है। वहीं दो आरोपी फरार है। आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री में सक्रिय था और पूर्व में भी पुलिस की निगरानी सूची में शामिल रहा है।
■ कानूनी प्रक्रिया एवं धाराएं
गढ़ पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट की धाराएं 8, 21, 22 और ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत अपराध क्रमांक 289/2025 कायम किया है। पुलिस द्वारा आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है, जिससे इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों और संभावित सप्लायर्स की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
■ रीवा पुलिस की आमजन से अपील
रीवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री व उपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। यह सामाजिक बुराई न केवल युवाओं के भविष्य को बर्बाद करती है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर संकट उत्पन्न करती है। ऐसे में पुलिस और समाज दोनों को मिलकर नशा मुक्त रीवा के लिए एकजुट होना होगा।


