भीषण सड़क हादसे में चार की मौत, गढ़ थाना अंतर्गत कलवारी मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा
प्रशासनिक लापरवाही और ओवरलोड वाहनों की रफ्तार बनी मौत की वजह!
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा मध्यप्रदेश 29 जून 2025
गढ़ थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित कलवारी मोड़ के समीप रविवार को समय 2:30 में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक और दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि दोपहिया वाहन ट्रक के पिछले हिस्से में फंसकर दूर तक घिसटते चले गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग सहायता के लिए दौड़े और सूचना गढ़ थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही गढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को गंभीर अवस्था में 108 एंबुलेंस और डायल 100 की मदद से प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव भेजा गया।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस द्वारा शिनाख्त की कार्यवाही की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और मोड़ पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।
प्रशासन पर सवाल खड़े करती है यह दुर्घटना
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कलवारी मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। न तो यहां कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही स्पीड कंट्रोल के लिए कोई ठोस उपाय किए गए हैं।

