कलवारी मोड़ पर मौत की टक्कर: तीन की मौत एक गंभीर घायल संजय गांधी अस्पताल में इलाज जारी
ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और प्रशासनिक लापरवाही ने ली तीन जानें
— विंध्य वसुंधरा समाचार, रीवा, 29 जून 2025
गढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित कलवारी मोड़ पर रविवार दोपहर लगभग 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक और दो दोपहिया वाहनों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर शव क्षत-विक्षत अवस्था में पाए गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
ट्रक की टक्कर से घिसटते चले गए बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहिया वाहन ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गए और कई मीटर तक घिसटते रहे। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत घायलों को बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए।
सूचना पर गढ़ थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस एवं डायल-100 की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में दो की पहचान, शेष की तलाश जारी
सूत्रों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो युवकों की पहचान हो चुकी है:
रवेंद्र साकेत उर्फ भोला साकेत, पिता सिपाही साकेत, निवासी लोरी नंबर-2
सूरज गिरी, पिता राजकिशोर गिरी, निवासी लोरी नंबर-2
अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना भेजी जा रही है और पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम क्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी।
क्या प्रशासन को इस हादसे का पहले से अंदेशा नहीं था?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कलवारी मोड़ वर्षों से दुर्घटना संभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। न तो यहां सावधानी चिह्न, स्पीड ब्रेकर अथवा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और न ही ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर किसी प्रकार की निगरानी की जा रही है।
बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता अब जनसुरक्षा के लिए सीधा खतरा बन चुकी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्पीड कंट्रोल के उपाय किए गए होते, तो शायद इन युवाओं की जान बचाई जा सकती थी।
विंध्य वसुंधरा समाचार यह स्पष्ट करता है कि मृतकों की पहचान एवं दुर्घटना के कारणों की पुष्टि अंतिम रूप से प्रशासनिक जांच के बाद ही मानी जाएगी। यह विवरण सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है।



