घुमा पेट्रोल पंप के पास रात के सन्नाटे में सनसनीखेज वारदात: ट्रैक्टर ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या, नकदी लूट कर फरार हुए बदमाश
मुरैना निवासी की रीवा जिले में हत्या, जांच में जुटी पुलिस
रीवा (विंध्य वसुंधरा समाचार)।
रीवा जिले के गढ़ थाना अंतर्गत बुधवार-गुरुवार दरम्यानी रात को पुराना नेशनल हाईवे 27 स्थित घुमा पेट्रोल पंप के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ट्रैक्टर के पास सो रहे एक श्रमिक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और पेंट की जेब से डेढ़ से दो लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। यह वारदात रात करीब 2:30 बजे उस समय हुई जब मृतक और उसका पुत्र सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टरों के पास सो रहे थे।
पुत्र की गोद में ही तोड़ा दम
मृतक की पहचान वीरबल शाक्य पिता लालपति शाक्य (उम्र 45 वर्ष) निवासी ग्राम बड़हरा, थाना पहाड़गढ़, जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र अजीत कुमार शाक्य ने बताया कि वह खुद दो दिन पहले मुरैना से रीवा आया था, जबकि उसके पिता 15-20 दिन पूर्व खेत समतलीकरण व गहरी जुताई के लिए रीवा आए थे। घटना रात 2:30 बजे के आसपास हुई जब तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे और पिता से पैसे की मांग करने लगे। जब पिता ने मना किया तो उन्होंने सीने में गोली मार दी।
अजीत ने बताया कि गोली लगने के बाद उसके पिता उसके सामने गिर पड़े और उनकी पेंट की जेब से करीब डेढ़ से दो लाख रुपये निकाल कर हमलावर फरार हो गए। गोली लगने के बाद अजीत ने अपने पिता को गोद में उठाया, लेकिन वे कुछ ही पलों में दम तोड़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए
अजीत द्वारा तुरंत डायल-100 पर सूचना दी गई, जिस पर गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस जुटी जांच उपरांत सत्यता आएगी सामने
गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। थाना प्रभारी के द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। जांच उपरांत ही सत्यता सामने आएगी कि गोली मारने की मुख्य वजह क्या थी।
अपराध और नशे के खिलाफ नहीं हो रही सख्त कार्रवाई
गढ़ थाना क्षेत्र लंबे समय से नशे और अवैध गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। गांजा, शराब और अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम तस्करी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के लगभग 30 प्रतिशत युवा नशे की गिरफ्त में हैं, जिससे अपराधिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। यदि पुलिस और प्रशासन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं करते, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
रीवा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था की लचर स्थिति चिंताजनक है। खेतों में मेहनत करने आए लोगों की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं की जा पा रही है। प्रशासन को चाहिए कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करे, साथ ही गढ़ थाना क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर नशे के नेटवर्क को नेस्तनाबूद किया जाए।
