पूर्व सरपंच द्वारा लगाए गए वर्षों पुराने पेड़ों की कटाई का आरोप, वर्तमान सरपंच पर कार्रवाई की मांग
गंगेव जनपद / मनगवां तहसील, जिला रीवा (म.प्र.)
ग्राम पंचायत रक्सा माजन से एक संवेदनशील मामला प्रकाश में आया है, जिसमें वर्तमान सरपंच देशराज पटेल पर शासकीय भूमि में लगे बहुमूल्य वृक्षों की अवैध कटाई का गंभीर आरोप लगाया गया है।
स्थानीय निवासी सरस्वती प्रसाद कुशवाहा द्वारा एसडीएम मनगवां को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत की खसरा नंबर 42 की वह भूमि, है जिसमें वृक्ष रोपित किए गए थे। जिसमें 27 सागवान के वृक्ष काटे गए हैं।
यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि ये वृक्ष पूर्व सरपंच द्वारा लगभग 15 से 20 वर्ष पूर्व वृक्षारोपण योजना के तहत रोपे गए थे, जिनमें सागवान, नीम और महुआ जैसे बहुमूल्य एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियाँ थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन वृक्षों की देखरेख पंचायत के माध्यम से वर्षों तक होती रही, लेकिन हाल ही में बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के इन्हें हटा दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस भूमि पर शासकीय उपयोग के स्थान पर निजी स्वार्थ से कार्य किया गया है। पेड़ों की कटाई न केवल पर्यावरणीय नुकसान है बल्कि पंचायत की सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग भी है।
प्रशासन से की गई कार्रवाई की मांग
प्रार्थी ने प्रशासन से मांग की है कि वर्षों पुराने वृक्षों की अवैध कटाई के इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा पंचायत हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रशासनिक पक्ष
वृत्त गढ़ नायक तहसीलदार मनोज सिंह ने बताया कि "प्रकरण की जांच के लिए पटवारी से प्रतिवेदन मांगा गया है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।"
जनपद पंचायत गंगेव के सीईओ ने कहा कि "प्रकरण की जानकारी प्राप्त नहीं थी, रोजगार सहायक और सचिव से स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। यदि उत्तर में देरी हुई तो संबंधितों पर नोटिस जारी कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।"
मौके पर पटवारी हल्का पहुंच कर कटी हुई लकड़ी को जप्त कर सरपंच को सुपुर्द में दी है है।
🖊 विंध्य वसुंधरा समाचार की विशेष रिपोर्ट
नोट: यह समाचार स्थानीय शिकायत, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक बयानों पर आधारित है। शासकीय रिपोर्ट आने के उपरांत अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी




