रीवा: लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे आरक्षक अजय यादव का निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर
विंध्य वसुंधरा समाचार रीवा, 4 जून।
रीवा पुलिस विभाग के लिए मंगलवार का दिन अत्यंत शोकपूर्ण रहा। लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे आरक्षक अजय यादव का इलाज के दौरान निधन हो गया। वे किडनी फेल होने की समस्या से जूझ रहे थे और स्थानीय अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है।
आरक्षक अजय यादव ने अपनी सेवाकाल के दौरान रीवा जिले के गढ़ थाना, नईगढ़ी, हनुमाना, और मऊगंज जैसे प्रमुख थानों में कार्य करते हुए अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी की मिसाल पेश की थी। वे न केवल अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहे, बल्कि आमजन के बीच एक सहज, सहयोगी और मिलनसार पुलिसकर्मी के रूप में पहचाने जाते थे।
बीते कुछ समय से वे किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इलाजरत थे। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीणजन और शुभचिंतक शामिल हुए।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
–

