16 घंटे से लगातार तेज बारिश से मऊगंज बेहाल, जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कलेक्टर ने घोषित किया स्थानीय अवकाश, स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
मऊगंज जिले में बुधवार शाम 7 बजे से जारी मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। लगातार 16 घंटे से हो रही तेज बारिश के चलते स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। हालात को देखते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन ने गुरुवार, 17 जुलाई को जिले में स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश के तहत जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे, जबकि अन्य शासकीय कार्यालय पूर्ववत खुले रहेंगे।
मौसम विभाग का अलर्ट साबित हुआ सटीक
मऊगंज जिले में पहले से ही मौसम विभाग ने 16 और 17 जुलाई को भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की थी। विभाग ने करीब 8 इंच बारिश की संभावना जताई थी, जो सटीक साबित हुई। बुधवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश गुरुवार सुबह तक बिना रुके जारी रही, जिससे जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है।
नईगढ़ी में हालात सबसे बदतर, थाना परिसर तक पानी
जिले के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में नईगढ़ी कस्बा प्रमुख रूप से शामिल है। यहां वार्ड क्रमांक 14 और 15 में घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोग घर खाली कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। नईगढ़ी थाना परिसर, कन्या विद्यालय, बालक शाला, छात्रावास, बीआरसी और बीईओ कार्यालयों के बाहर घुटनों तक पानी जमा हो गया है, जिससे सरकारी कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
सड़क मार्ग बाधित, पुल और नाले उफान पर
लगातार बारिश के कारण जिले के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात अवरुद्ध हो गया है।
देवतालाब-मऊगंज मार्ग पर खड़ुई नाले के पास एक पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद है।
सेंनुआ फूल पहुंच मार्ग पर ओड्डा नदी का पुल जलमग्न हो गया है।
मऊगंज-करह मार्ग पर निहाई नदी पुल पर पानी बह रहा है, जिससे आवागमन बंद है।
नईगढ़ी-पनिगवा मार्ग पर कगास नदी का पुल डूब चुका है।
चकहरन टोला मार्ग पर हरफरी नदी के बजरहा घाट पर पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ढाबा तिवारियान गांव में भी बाढ़ जैसे हालात
हनुमना क्षेत्र के ढाबा तिवारियान गांव में भी बारिश ने तबाही मचा दी है। कई घरों में पानी घुस गया है। ग्रामीण बाल्टी, मोटर और अन्य साधनों से घरों से पानी निकालने की जद्दोजहद में लगे हैं। गांव में जलजमाव से जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है।
प्रशासन सतर्क, राहत कार्यों की तैयारी में जुटा
भारी बारिश और जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्परता से राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन हालात यदि ऐसे ही बने रहे तो स्थिति और विकराल हो सकती है










