रीवा में नशा माफिया बेखौफ: गढ़ में युवक द्वारा खुलेआम नशीली सिरप सौंपने का वीडियो वायरल, पुलिस कार्यवाही के बाद भी हौसले बुलंद
रीवा। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों के बीच एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस की निगरानी व्यवस्था और प्रशासन की सक्रियता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रहा यह वीडियो गढ़ थाना क्षेत्र का है, जिसमें एक युवक को खुलेआम नशीली कफ सिरप की शीशियां सौंपते देखा जा सकता है। यह दृश्य न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती देता है, बल्कि रीवा में सक्रिय नशा माफियाओं के बेखौफ नेटवर्क की पोल भी खोलता है।
वीडियो बना अपराध का प्रत्यक्ष प्रमाण, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
मामला गढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ का है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किनारे रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में एक व्यक्ति — जिसकी पहचान राजेश भुजवा के रूप में की जा रही है — को अपने घर के बाहर दो शीशियां संदिग्ध कफ सिरप सौंपते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और आमजन में तीखी प्रतिक्रिया उत्पन्न कर रहा है।
कठोर कार्रवाई के दावे फेल, माफियाओं पर बेअसर दिख रही पुलिस
रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत और एसपी विवेक सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन गढ़ में वायरल यह वीडियो दर्शाता है कि जमीनी हकीकत कहीं अधिक भयावह है। सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस को इस गतिविधि की भनक नहीं थी, या फिर यह काला कारोबार किसी स्थानीय संरक्षण में फल-फूल रहा है?
ग्रामीणों की चेतावनी: NDPS एक्ट के तहत हो सख्त कार्रवाई, वरना सड़कों पर उतरेंगे
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने नाराज़गी जाहिर करते हुए प्रशासन से त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह वीडियो किसी संदेह की नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष प्रमाण की तरह है, अतः आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
गढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही के बावजूद भी नशे का कारोबार जोरो पर
गढ़ थाना पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है फिर भी ऐसे नशा माफियाओं के अंदर कोई भय नहीं दिखता खुले आम नशे का कारोबार कर रहे है। इस बार कैमरे में कैद अपराध प्रशासन के सामने एक स्पष्ट चेतावनी है।
अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, पूरे नेटवर्क को तोड़ने की जरूरत
यह मामला केवल एक युवक की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे नशा नेटवर्क की तह तक पहुंचकर, आपूर्ति, भंडारण और बिक्री की कड़ियों को तोड़ने की दिशा में निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है। शासन को यह साबित करना होगा कि नशे के खिलाफ उसकी लड़ाई केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी है।




