मध्यप्रदेश शासन ने 27 अगस्त 2025 (गणेश चतुर्थी) को ऐच्छिक अवकाश को संशोधित कर संपूर्ण सामान्य अवकाश घोषित किया है। यह आदेश प्रदेशभर में लागू रहेगा
रीवा–मऊगंज सहित पूरे प्रदेश के लिए बड़ी राहत गणेश चतुर्थी पर 27 अगस्त को आम अवकाश घोषित
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेशवासियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय वल्लभ भवन से जारी अधिसूचना के अनुसार आगामी बुधवार, 27 अगस्त 2025 को पूरे प्रदेश में गणेश चतुर्थी के अवसर पर सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि पहले राज्य शासन द्वारा 21 दिसंबर 2024 की अधिसूचना में इस दिन को ऐच्छिक अवकाश के रूप में दर्शाया गया था। लेकिन प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्थाओं और जनभावनाओं को देखते हुए सरकार ने संशोधन करते हुए इसे संपूर्ण अवकाश में परिवर्तित कर दिया है।
सरकार के इस निर्णय से न केवल सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य कार्यालयों में अवकाश रहेगा, बल्कि आमजन भी अब धूमधाम से गणेशोत्सव मना सकेंगे।
अधिसूचना पर अपर सचिव सुभाष कुमार त्रिवेदी के हस्ताक्षर हैं। आदेश के तहत यह अवकाश प्रदेशभर के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा स्थानीय निकायों में लागू रहेगा।
परंपरा और आस्था का पर्व
गणेश चतुर्थी भगवान गणेश की आराधना का प्रमुख पर्व है। यह पर्व विशेषकर महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कई जिलों में बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। रीवा, मऊगंज, ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर और भोपाल सहित प्रदेशभर में श्रद्धालु बड़े उत्साह के साथ गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना करते हैं।
शासन का संवेदनशील निर्णय
विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार का यह कदम धार्मिक सौहार्द और जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। इससे जहां त्योहार की महत्ता और बढ़ेगी वहीं शासकीय कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भी पर्व का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

