ग्रामीणों की एकजुटता से अंधेरे पर जीत, बेलहा 742 ग्राम में लगा नया ट्रांसफार्मर
मऊगंज। ग्राम बेलहा के ग्रामीणों की पहल और प्रशासनिक सहयोग से बिजली संकट का बड़ा समाधान सामने आया है। बरसात के मौसम में गाँव बेलहा 742 में ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया था। करीब एक सप्ताह से अधिक समय तक ग्रामीणों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। खेतों की सिंचाई, बच्चों की पढ़ाई और छोटे दुकानदारों का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया। लगातार प्रयासों और सामूहिक एकजुटता से आखिरकार समस्या का समाधान हुआ। गाँववासियों ने आर्थिक सहयोग कर 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया
अधिकारियों ने लिया संज्ञान
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी तुरंत संज्ञान लिया। देवगना के जूनियर इंजीनियर अजीत पटेल और एई अरुण कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में आज 24 अगस्त 2025 को नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। इसके लगते ही गाँव की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामवासियों ने अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि बरसात के दिनों में ट्रांसफार्मर जल जाना आम समस्या है, लेकिन इस बार सभी ने मिलकर एकजुटता का परिचय दिया। सामूहिक सहयोग और अधिकारियों की तत्परता से गाँव फिर से रोशन हो गया।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि बिजली विभाग समय रहते मेंटेनेंस पर ध्यान दे तो ऐसी समस्याओं से लोगों को बार-बार जूझना न पड़े।
गाँव के लिए बड़ी राहत
नए ट्रांसफार्मर के लगने से अब गाँव में न सिर्फ रोशनी लौट आई है बल्कि किसानों को सिंचाई की सुविधा, छात्रों को पढ़ाई का माहौल और दुकानदारों को कारोबार की गति भी वापस मिल गई है। ग्रामीणों ने इसे “सामूहिक सहयोग से मिली बड़ी जीत” बताया।


