रीवा-मऊगंज जिले की 75 सहकारी समितियों में पहुँचा 1300 टन यूरिया, किसानों को मिलेगी राहत
रीवा। खरीफ सीजन के बीच किसानों की खाद की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सहकारी समितियों में खाद की आपूर्ति की गई है। जानकारी के अनुसार दिनांक 24 अगस्त 2025 को इफको कंपनी से प्राप्त 1300 मीट्रिक टन यूरिया को जिले की 75 सहकारी समितियों में वितरित कर दिया गया है।
यह आपूर्ति किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक समिति पर पर्याप्त मात्रा में खाद भेज दी गई है, ताकि बुआई और फसल वृद्धि के समय किसी भी किसान को कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिन समितियों में यूरिया पहुँचा है, उनमें प्रमुख रूप से —
हरदी, पहाड़ी, टिटिहरा, हनुमना बन्ना, लोधी, मनुताई, बीरादेई, खटखरी, कैलाशपुर, अटरिया, मिशिरगांव, गुढ, दुआरी, महसांव, वरहदी, सिरमौर, कंदेला, मडियावां, देहरा, खैरा, चांदी, सिटलहा, भनीगवां, नौवस्ता, लालगांव, देवास, बांस, लौरीगदर, कटरा, कशियारगांव, चाकघाट, अगांव, मांगी, रायपुर, सोहवां, वरहा, दादर, लक्ष्मणपुर, बहुरीबांध, हिनौती, समान, खोंर, कनौजा, मनगवां, नवागांव, बेलवा, बडगायन, बडगांव, बम्हनी, चौखण्डी, रिमारी, पनवार, दोंदर, बड़दवरां, नईगड़ी, शिवराजपुर, बदखा, चिल्ल, जोधपुर, खरार, भीर, काट, बननई, जोरोट, त्योंथर, सोहागी और टीकर शामिल हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समिति स्तर पर किसानों के लिए खाद वितरण की पूरी व्यवस्था की गई है। प्रति बोरी 266 रुपए की दर से खाद उपलब्ध है। यदि किसी दुकान या समिति पर अधिक मूल्य वसूला जाता है या खाद देने से इनकार किया जाता है तो किसान सीधे संबंधित तहसीलदार, एसडीएम अथवा अपर कलेक्टर को शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि समय पर यूरिया उपलब्ध नहीं होने से किसानों को संकट का सामना करना पड़ रहा था। अब सहकारी समितियों में खाद की आपूर्ति पहुँच जाने से किसानों को काफी राहत मिलेगी और फसल उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

