गढ़ में अज्ञात कारणों से पन्नी की झोपड़ी में आग, एक गर्भवती गाय की जलकर मौत, एक गंभीर रूप से झुलसी पीड़ित परिवार सदमे में
31 जुलाई 2025 की दरम्यानी रात गढ़ कस्बे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अज्ञात कारणों से पन्नी से बनी पशु झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इस घटना में एक गर्भवती गाय की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय गंभीर रूप से झुलस गई। यह हृदय विदारक घटना रिमारी निवासी विश्वनाथ चौरसिया पिता मदन चौरसिया की है, जो गढ़ में दुकान संचालित करते हैं।
पीड़ित विश्वनाथ अपनी दुकान के पीछे स्थित झोपड़ी में गायों को बांधकर पास ही दुकान में सो रहे थे। रात के लगभग 2 से 3 बजे के बीच उन्हें झोपड़ी में आग की लपटें उठती नजर आईं। तत्काल उन्होंने शोर मचाते हुए बचाव कार्य प्रारंभ किया, लेकिन तब तक एक गाय आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुकी थी और मौके पर ही दम तोड़ गई। वहीं, दूसरी गाय किसी तरह भागकर बाहर निकल पाई, परंतु वह भी बुरी तरह घायल हो गई।
परिवार के अनुसार दोनों गायें गर्भवती थीं और लगभग दो महीने बाद बछड़ा देने वाली थीं। इस कारण परिवार का मानसिक और आर्थिक नुकसान और भी बड़ा बताया जा रहा है। अनुमानित रूप से पीड़ित को ₹50,000 से अधिक की हानि का आंकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं, क्योंकि उस झोपड़ी में बिजली की कोई लाइन भी नहीं थी। संदेह जताया जा रहा है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है, जो रात के अंधेरे में आग लगाकर फरार हो गया। हालाँकि, घटना की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी है। समाचार लिखे जाने तक घटना का विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं हो सका है, लेकिन मृत गाय के कारण परिवार सदमे में है और महिलाएं रो-रोकर बेहाल हैं।




